
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर ठगी करने वाली सक्रिय 'लुटेरी दुल्हन गैंग' का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
निवेदिता नायडू के निर्देशन में की गई कार्रवाई में गैंग के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन सहित लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
फरियादी बसंत लाल त्रिपाठी (43) निवासी नयागांव धरमपुर ने थाना बृजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लगभग 15 दिन पूर्व एक परिचित के माध्यम से उसकी शादी हेतु ग्राम उडकी सिंहपुर निवासी लल्लू चौधरी से संपर्क हुआ।
23 फरवरी 2026 को तय योजना के अनुसार फरियादी अपने साथियों के साथ बुलेरो वाहन से पहाड़ीखेड़ा लड़की देखने पहुंचा।
मिश्रा ढाबा के पास लल्लू चौधरी दो युवतियों एवं एक महिला के साथ मिला। शादी के नाम पर रुपयों की मांग की गई। साथियों द्वारा इंकार करने पर उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया गया।
शाम लगभग 7:30 बजे सफेद स्कॉर्पियो (MP17CB1759) से आए आरोपितों ने फरियादी को जबरन वाहन में बैठाकर खनगढ़ की ओर सुनसान स्थान पर ले जाकर झूठे प्रकरण में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी।
आरोपितों ने टैबलेट, 20 हजार रुपये नकद तथा यूपीआई पासवर्ड लेकर खाते से 80 हजार रुपये स्थानांतरित कर लिए और फरियादी को सुनसान स्थान पर उतारकर फरार हो गए।
पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 30/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2), 308(5), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान एवं एसडीओपी राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 26 फरवरी को मुखबिर सूचना पर पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से शादी का झांसा देकर ठगी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से स्कॉर्पियो कार (लगभग 15 लाख रुपये), अपाचे मोटरसाइकिल (लगभग 1 लाख रुपये), लेनोवो टैबलेट (लगभग 50 हजार रुपये), 10 मोबाइल फोन (8 स्मार्टफोन, 2 सामान्य फोन), साड़ी, चूड़ी, बिंदी, लिपिस्टिक, लेडीज बैग सहित अन्य सौंदर्य सामग्री, कुल मिलाकर लगभग 18 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है।
रीवा, सतना एवं छतरपुर जिलों के 9 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में 3 आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पूरी कार्रवाई में बृजपुर थाना पुलिस, पहाड़ीखेड़ा चौकी, साइबर सेल सहित विभिन्न अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को सराहनीय कार्य हेतु पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
पुलिस की अपील है कि विवाह जैसे संवेदनशील मामलों में अनजान व्यक्तियों से लेन-देन करने से पूर्व पूर्ण जांच-पड़ताल अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।