
नईदुनिया, पन्ना/रैपुरा। मड़वा घाटी मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर किया गया अनोखा विरोध अब चर्चा का विषय बन गया है। बीते दिनों नीरज बड़ागांव और क्षेत्रवासियों ने सड़क पर ही धान की रोपाई कर विरोध दर्ज कराया था।
निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से विरोध स्वरूप रोपी गई वह धान की फसल अब लहलहाने लगी है। नीरज बड़ागांव ने कहा कि कई दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया और मड़वा घाटी मार्ग का निर्माण शुरू नहीं हुआ।
कीटनाशक का सांकेतिक छिड़काव
उन्होंने कहा था कि वे इस फसल में सांकेतिक रूप से कीटनाशक का छिड़काव करेंगे। इसी क्रम में शुक्रवार को वे अपनी टीम और ग्रामीणों के साथ मड़वा घाटी पहुंचे और पानी में खड़ी धान की फसल में कीटनाशक का सांकेतिक छिड़काव किया।
नीरज ने कहा, "मैं स्वयं किसान पुत्र हूं, किसान और फसल का दर्द समझता हूं, इसलिए इस फसल को खराब नहीं होने देंगे। यह छिड़काव प्रशासन को संदेश है कि हमारा विरोध अभी जारी है।
यह भी पढ़ें- पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर में बने रिसॉर्ट पर अब हाई कोर्ट ने दिया छतरपुर कलेक्टर को यह निर्देश
जनप्रतिनिधियों को देंगे चावल
उन्होंने आगे कहा कि इस फसल की कटाई के बाद जो चावल निकलेगा, उसे वे स्वयं लेकर जनप्रतिनिधियों, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, विधायक और सांसद के घर जाएंगे और उन्हें देंगे।
यह चावल उन्हें मड़वा घाटी मार्ग की समस्या और क्षेत्रवासियों के लंबे इंतजार की याद दिलाएगा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- पन्ना में पवई बांध के 7 गेट खुलने से उफान पर किलकिला नदी, घरों की छतों पर फंसे 12 लोग; नाले में बहा 14 साल का छात्र