
नईदुनिया अजयगढ़/पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला की हेयर डाई पीने से मौत हो गई। गंभीर हालत में महिला को अजयगढ़ अस्पताल से पन्ना जिला अस्पताल और फिर रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छतेनी निवासी पुनिया अहिरवार (26 वर्ष), पत्नी सुनील अहिरवार के रूप में हुई है। महिला की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उसके पति सुनील अहिरवार मजदूरी का काम करते हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुनिया अपने परिवार के साथ किशनपुर गांव में मामा की लड़की की शादी में शामिल होने गई थी। शादी के दौरान उसका मोबाइल चोरी हो गया। इस बात को लेकर परिवार और महिला के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के बाद पुनिया अकेले ही शादी समारोह से वापस अपने घर छतेनी लौट आई, जबकि बाकी परिजन बाद में पहुंचे। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसने कमरे में रखी बालों में लगाने वाली हेयर डाई पी ली।
कुछ देर बाद महिला की जेठानी ने उसे लगातार उल्टियां करते देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पति सुनील अहिरवार को दी। परिजन आनन-फानन में पुनिया को अजयगढ़ शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पन्ना जिला अस्पताल में भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुनिया की मौत के बाद उसके दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। उसका बड़ा बेटा शिवम 3 साल का है, जबकि छोटा बेटा बाबू सिर्फ 7 महीने का है। पति सुनील ने बताया कि करीब 2 साल पहले भी पत्नी ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया था। उस समय समय पर इलाज मिलने से डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली थी, लेकिन इस बार हेयर डाई का सेवन जानलेवा साबित हुआ।
घटना के बाद मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला अस्पताल पन्ना के ड्यूटी डॉक्टर प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि महिला ने बालों में लगाने वाली हेयर डाई का सेवन किया था। इसके असर से उसके गले में अत्यधिक सूजन आ गई थी, जिससे सांस लेने में परेशानी हो रही थी।
उन्होंने बताया कि हेयर डाई या रासायनिक मेहंदी में खतरनाक केमिकल और एसिड पाया जाता है। अधिक मात्रा में सेवन करने पर शरीर में गंभीर रासायनिक प्रतिक्रिया हो सकती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है।