
नईदुनिया न्यूज, पवई । पन्ना के उत्तर वन मंडल में तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गईं महिलाओं पर एक नहीं, बल्कि तीन खूंखार भालुओं ने अचानक जानलेवा हमला बोल दिया।
देवेंद्रनगर रेंज के डूंगरा पहाड़ पर जब बिंदा राय नाम की महिला पर इन तीन भालुओं ने हमला किया, तो घने जंगल में चीख-पुकार मच गई। तभी मां को मौत के मुंह में फंसा देख, उनकी 19 साल की जांबाज बेटी ईसा राय शेरनी की तरह तीनों भालुओं से भिड़ गई।
इस खूनी संघर्ष में बेटी भी लहूलुहान हो गई, लेकिन उसने हार नहीं मानी। तभी पास ही मौजूद मौसी पूर्णिमा हाथ में पत्थर लेकर चीखते हुए भालुओं पर टूट पड़ीं। तीन महिलाओं का यह रौद्र रूप देखकर आखिरकार तीनों भालुओं को दुम दबाकर भागना पड़ा।
इस बहादुरी के बाद भी सिस्टम फेल रहा। खून से लथपथ मां-बेटी तड़पती रहीं, लेकिन फोन करने के बाद भी 108 एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। आखिरकार, निजी ऑटो से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। वन विभाग की इस लापरवाही से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
यह भी पढ़ें- नियमित योग से मानसिक तनाव कम, व्यायाम शरीर को बनाता है लचीला, 35 के बाद आयरन, 40 के बाद कैल्शियम जरूरी