
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। रायसेन जिला जेल में नौ दिन पूर्व हुए सनसनीखेज गोलीकांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है। इस फुटेज में वारदात का खौफनाक मंजर साफ नजर आ रहा है। कैदी नीलेश हाथ में देसी कट्टा लहराते हुए ड्यूटी पर तैनात प्रहरी के पास पहुंचा और जब प्रहरी ने विरोध किया, तो कैदी ने उसकी कमर के ऊपर गोली दाग दी।
जांच में यह बात सामने आई है कि जमानत न मिलने से हताश होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जेल ब्रेक की साजिश रची थी। पुलिस ने मास्टरमाइंड नीलेश सहित तीन आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि हथियार उपलब्ध कराने वाला उसका मामा अभी भी फरार है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, कैदी नीलेश ने प्रहरी को गोली मारने के बाद क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। गोली लगने के बाद जब प्रहरी जमीन पर गिर गया, तो आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद भी वह नहीं रुका और उसने कट्टे के बट से प्रहरी के सिर पर दो जोरदार वार किए।
पुलिस के अनुसार, यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। आरोपी नीलेश को जब अदालत से जमानत नहीं मिली, तो उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर जेल से भागने की पूरी योजना रची। इस वारदात को अंजाम देने के लिए जेल की सुरक्षा में सेंध लगाई गई और देसी कट्टा जेल की ऊंची दीवार के बाहर से अंदर फेंका गया था।
यह भी पढ़ें- पुलिस इंस्पेक्टर के साथ 1.03 लाख की ठगी, मोबाइल गुम होने के बाद सिम दूसरे फोन में डालकर उड़ाए रुपये