15 दिन में 51 लाख कमाने का लालच पड़ा भारी, ब्यावरा के युवक ने पूरे गांव से कर्ज लेकर साइबर ठगों को लुटाए ₹3.65 लाख
आलमपुरा निवासी अनिल राजपूत को फोन पर 15 दिन में 3 लाख को 51 लाख बनाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 3.65 लाख रुपये ठग लिए।
Publish Date: Sat, 20 Jun 2026 03:43:55 PM (IST)Updated Date: Sat, 20 Jun 2026 03:45:41 PM (IST)
15 दिन में 3 लाख को 51 लाख बनाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 3.65 लाख रुपये ठग लिए।HighLights
- 15 दिन में 3 लाख को 51 लाख बनाने का झांसा देकर 3.65 लाख रुपये की ठगी
- युवक ने गांव के दो दर्जन से अधिक लोगों से उधार लेकर ठगों को पैसे भेजे
- पैसा लौटाने की बारी आने पर आरोपी ने फोन बंद किया, साइबर फ्रॉड का केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़/ब्यावरा। तेजी से अमीर बनने के लालच में एक युवक साइबर ठगों के जाल में ऐसा फंसा कि न केवल अपनी जमा पूंजी गंवा बैठा, बल्कि गांव के कई लोगों को भी आर्थिक संकट में डाल दिया।
आलमपुरा निवासी एक युवक को 15 दिन में 3 लाख रुपये को 51 लाख रुपये बनाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 3.65 लाख रुपये की ठगी कर ली।
ट्रेडिंग के नाम पर रचा गया जाल
सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, आलमपुरा निवासी अनिल राजपूत (30) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 5 से 7 जून के बीच उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी का एजेंट बताते हुए दावा किया कि यदि वह 3 लाख रुपये निवेश करता है तो मात्र 15 दिनों में उसे 51 लाख रुपये लौटाए जाएंगे।
इस प्रलोभन में आकर अनिल ने पहले अपने खाते से 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद उसने गांव के दो दर्जन से अधिक लोगों से उधार लेकर अलग-अलग क्यूआर कोड पर कुल 3 लाख 65 हजार रुपये भेज दिए।
पैसा लौटाने की बारी आई तो बंद हो गया फोन
राशि ट्रांसफर होने के बाद जब तय समय पर पैसे वापस मिलने थे, तब कथित एजेंट का मोबाइल फोन बंद हो गया। संपर्क के सभी प्रयास विफल रहने पर युवक को ठगी का एहसास हुआ।
इधर, जिन ग्रामीणों से उसने उधार लिया था, वे अपनी रकम वापस मांगने लगे। लगातार दबाव बढ़ने पर अनिल ने पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी और लेन-देन से जुड़े साक्ष्य भी सौंपे।
साइबर ठगी का मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मोबाइल नंबर, क्यूआर कोड और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।