_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि,राजगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा का राजगढ़ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। जगह-जगह बैनर-पोस्टर व स्वागत द्वार लगाए गए थे। इसी दौरान एक स्वागत मंच टूट गया। जिसमें युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर व भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर सहित कई कार्यकर्ता गिर गए। जबकि युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पद के दावेदार गौरव सोनी की 1.10 लाख रुपये की जेब कट गई।
कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत मंच लगाए गए थे।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को राजगढ़ की होटल संस्कृति में युवा मोर्चा का युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसको लेकर पिछले कई दिनों से युवा मोर्चा व भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां की जा रही थीं। आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्य रूप से प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए राजगढ़ शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार और स्वागत मंच लगाए गए थे। शहर को बैनर-पोस्टरों से पाटा गया था। अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत मंच लगाए गए थे।
इसी दौरान खिलचीपुर नाका से होटल संस्कृति के बीच एक स्वागत मंच पर जब प्रदेशाध्यक्ष टेलर व भाजपा जिलाध्यक्ष गुर्जर सहित अन्य कार्यकर्ता चढ़े तो उनका स्वागत किया गया। लेकिन इसी बीच मंच भरभराकर जमींदोज हो गया। मंच के साथ ही प्रदेशाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता भी गिर गए। मंच गिरने के साथ ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
जिलाध्यक्ष के दावेदार नहीं संभाल पाए खुद की जेब
शक्ति प्रदर्शन के दौरान ही जिलाध्यक्ष पद के दावेदार गौरव सोनी की जेब भी अज्ञात बदमाशों द्वारा काट दी गई। बताया गया है कि जेब कटने के कारण करीब 1 लाख 10 हजार रुपये गायब हो गए, जबकि 50 हजार रुपये की एक गड्डी जेब में बच गई। खास बात यह है कि युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की दावेदारी कर रहे गौरव सोनी अपनी जेब ही आयोजन के दौरान नहीं संभाल पाए। शाम तक उनके द्वारा राजगढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
डेढ़ माह बाद भी घोषित नहीं कर पाए जिलाध्यक्ष, इसलिए हुआ शक्ति प्रदर्शन
इन दिनों युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की घोषणा होना है। अध्यक्ष पद के लिए 6-7 दावेदार हैं। उनके द्वारा अपने-अपने स्तर पर दावेदारी की जा रही है। पिछले दिनों 6 मई को भोपाल में भाजपा जिला प्रबंधन समिति यानी कोर कमेटी के सदस्यों की बैठक हो चुकी है। जिसमें संभागीय प्रभारी तेज बहादुर सिंह, जिला प्रभारी ध्रुव नारायण सिंह, मंत्री नारायण सिंह पंवार, मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, विधायक मोहन शर्मा, अमर सिंह यादव, हजारीलाल दांगी, जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव मौजूद थे।
इस कोर कमेटी की बैठक में जिलाध्यक्ष के लिए तीन नाम दिए जा चुके हैं। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष को सूची जारी कर नाम का एलान करना था, लेकिन करीब डेढ़ माह बाद भी घोषणा नहीं हो सकी। इसी कारण जब वह राजगढ़ पहुंचे तो दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन किया।
मुख्य आयोजन में बताए मोदी के 12 साल बेमिसाल
मुख्य आयोजन होटल संस्कृति में हुआ। जहां मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, युमो जिलाध्यक्ष केपी पंवार सहित पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल बेमिसाल के बारे में कार्यकर्ताओं को बताया गया। संगठन की रीति-नीति व एकजुटता से काम करने पर फोकस किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
इनका कहना है
"गौरव सोनी ने आवेदन दिया है कि उनकी जेब से 1.10 लाख रुपये निकल गए। 50 हजार रुपये की एक और गड्डी थी, वह बच गई। उनका कहना था कि आयोजन में व्यवस्थाएं जुटाने के लिए वह पैसे लेकर आए थे। हम जांच कर रहे हैं।"
- मंजू मखोनिया, टीआई, राजगढ़ कोतवाली