MP में लाचार बनकर कार रुकवाई, मालिक को बंधक बनाकर 1.26 लाख की लूट, तीन गिरफ्तार
कुरावर थाना क्षेत्र के तीज बड़ली के समीप नेशनल हाईवे पर लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। लाचार बनकर कार रुकवाने के बाद कार मालिक को ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 03 Feb 2026 10:21:25 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Feb 2026 10:21:25 PM (IST)
मालिक को बंधक बनाकर 1.26 लाख की लूट, तीन गिरफ्तारHighLights
- हाईवे पर लूट का खुलासा, राजस्थान के अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार
- आंखों में मिर्च डालकर कार मालिक को बनाया बंधक, 1.26 लाख रुपये लूटे
- CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए लुटेरे, लूट का माल और बाइक बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। कुरावर थाना क्षेत्र के तीज बड़ली के समीप नेशनल हाईवे पर लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। लाचार बनकर कार रुकवाने के बाद कार मालिक को बंधक बनाकर एक लाख 26 हजार 400 रुपये की लूट करने वाले राजस्थान के अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम, मोबाइल फोन, पर्स और घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
कार रुकवाकर आंखों में झोंकी मिर्च
पुलिस के अनुसार गोपाल दास यादव निवासी ग्राम खानपुरा, थाना ब्यावरा, 24 जनवरी को भोपाल से ब्यावरा लौट रहे थे। तीज बड़ली से पहले तीन अज्ञात युवकों ने हाथ का इशारा कर उनकी कार रुकवाई। आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्च डाल दी और उसे उसी की कार में बंधक बना लिया। इसके बाद मारपीट कर मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया।
बंधक बनाकर बैंक खाते से निकलवाए पैसे
आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड जबरन पूछकर फरियादी को अलग-अलग स्थानों पर दुकानों तक ले गए और उसके बैंक खाते से कुल 1,26,400 रुपये नगद निकलवा लिए। किसी तरह मौका पाकर फरियादी आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और थाना कुरावर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
राजस्थान से दबोचे गए अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य
मामले में एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। इसके बाद राजस्थान के झालावाड़ जिले से संजय उर्फ संजू मीणा, रंजीत मीणा और जीतमल मीणा को गिरफ्तार किया गया।