
नईदुनिया प्रतिनिधि,राजगढ़। जिले की सभी गैस एजेंसियों को अपने यहां उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करनी होगी। इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम और एसडीओपी को सौंपी गई है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त फ्लाइंग स्क्वाड जिले के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेगी। यदि कहीं गैस सिलेंडरों की होर्डिंग या कालाबाजारी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर बैठक
यह निर्देश कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान और जिला आपूर्ति अधिकारी अजीत सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में जिले की सभी गैस एजेंसियों के संचालकों से घरेलू और व्यावसायिक गैस कनेक्शन, रिफिलिंग की स्थिति, संभावित आपूर्ति समस्याओं और वर्तमान स्टॉक की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर गैस एजेंसी को अपने स्टॉक की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करनी होगी। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त फ्लाइंग स्क्वाड समय-समय पर निरीक्षण करेगी। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।
कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए तैयारियां
पिछले कुछ दिनों से अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण गैस आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना न करना पड़े।
पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर जोर
बैठक में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने थिंक गैस एजेंसी से जिले में पीएनजी कनेक्शन की कम संख्या को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीएनजी की कैलोरीफिक वैल्यू अधिक होने के बावजूद कनेक्शन कम होना चिंता का विषय है। एजेंसी संचालक द्वारा कनेक्शन शुल्क और पीएनजी के लाभों की स्पष्ट जानकारी नहीं देने पर कलेक्टर ने नाराजगी भी जताई।
कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं: एसपी
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने कहा कि गैस सिलेंडरों की होर्डिंग और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी गैस एजेंसी के बाहर अनावश्यक लंबी कतार लगती है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते व्यवस्था बनाई जा सके।