
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। अलग-अलग कार्यों के बिलों का भुगतान नहीं करने पर कुरावर नगर परिषद सीएमओ को अध्यक्ष के चैंबर में बुलाकर अध्यक्ष प्रतिनिधि व अध्यक्ष के बेटे द्वारा मारपीट कर दी गई। घटना के बाद सीएमओ ने थाने पहुंचकर शिकायत की है। उधर अध्यक्ष व प्रतिनिधि ने आरोपों को निराधार बताया है, साथ ही सीएमओ पर उनके साथ अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं।
सीएमओ लीलाधर सेन ने थाने में जो आवेदन दिया है उसमें कहा है कि गुरुवार को अध्यक्ष महोदया उनके चैंबर में बैठी थीं, उन्होंने मुझे बुलवाया तो मैं उनके कक्ष में चला गया। वहां पर बिलों के भुगतान को लेकर चर्चा हुई। अध्यक्ष महोदय, प्रतिनिधि एवं उनके पुत्र द्वारा मेरे पर फर्जी भुगतान, अपने बेटे की शादी का भुगतान किए जाने की बार-बार मांग की जा रही थी। लेकिन मेरे द्वारा फर्जी भुगतान करने से मना कर दिया गया।
भुगतान नहीं किए जाने पर संबंधित अध्यक्ष बादाम बाई, प्रतिनिधि बालाप्रसाद चन्द्रवंशी एवं पुत्र महेंद्र चन्द्रंवशी द्वारा मेरे साथ गाली-गलौज एवं हाथापाई की गई। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। उनके द्वारा मेरे साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। उक्त समय में उस कक्ष में पार्षद प्रतिनिधि राजेश पटेल, पार्षद बद्रीप्रसाद कुशवाह, पार्षद कमल दला, पार्षद अनिल दरबार मौजूद थे। उक्त समय पर कक्ष के बाहर कर्मचारी अरविंद मिश्रा, गोपाल सक्सेना, संदीप पाटीदार, विवेक शुक्ला, अमन मुदगल, नारायण चौधरी, गोपाल विश्वकर्मा, सावन शर्मा एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। निवेदन है कि उक्त संबंध में कार्यवाही किए जाने का कष्ट करें। कार्यवाही नहीं होने की दशा में कर्मचारियों द्वारा काम बंद कर दिया जाएगा।
सीएमओ द्वारा दिए गए आवेदन के बाद नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि बाला प्रसाद चंद्रवंशी पार्षद एवं अपने सामाजिक तथा नागरिक लोगों को लेकर कुरावर थाने पहुंचे थे। जिसमें उन्होंने थाना प्रभारी जितेंद्र मवई से चर्चा कर शिकायत की। उन्हें बताया कि उनके खिलाफ जो शिकायती आवेदन दिया गया है वह पूरी तरह निराधार है। हमने केवल भुगतान को लेकर बात की थी, लेकिन उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा डालने एवं गलत केसों में फंसाने की हमें धमकी दी। पुलिस प्रशासन इसकी निष्पक्ष जांच करवाए। साथ ही पुलिस को अवगत कराया कि सीएमओ के द्वारा अध्यक्ष महोदया व उनके साथ अभद्रता की गई है और गलत शब्दों का प्रयोग किया गया है। वह फंसाने व दबाव बनाने के लिए हमारी शिकायत कर रहे हैं।
लीलाधर सेन, सीएमओ कुरावर: "अध्यक्ष महोदया ने चैंबर में बुलवाया था। प्रतिनिधि ने कहा कि बिल भुगतान करो, तो मैंने ऑनलाइन की प्रक्रिया बताई। इससे नाराज होकर वह मुझसे भिड़ गए और हाथापाई की। मैंने थाने में आवेदन दिया है। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर महोदय से मिलकर उन्हें अवगत कराऊंगा।"
बालाप्रसाद चंद्रवंशी, अध्यक्ष प्रतिनिधि: "ठेकेदारों का भुगतान अटका है, वह हमसे बोलते हैं। हमने उनसे बिलों का बारी-बारी से भुगतान करने को कहा था, लेकिन वह पता नहीं भुगतान क्यों नहीं करना चाह रहे, जबकि काम हो चुके हैं। उन्होंने जो हाथापाई और मारपीट के आरोप लगाए हैं, वह निराधार हैं।"
जितेंद्र मवई, थाना प्रभारी कुरावर: "मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं उनके पुत्र के खिलाफ आवेदन दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।"
यह भी पढ़ें- भोजशाला विवाद: हाई कोर्ट में महाधिवक्ता ने मस्जिद पक्ष के तर्कों को किया खारिज, बताया मंदिर के साक्ष्य