
नवदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। राजगढ़ जिले में रातभर से हो रही तेज बारिश का असर सोमवार सुबह देखने को मिला। तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए व निचली बस्तियों में पानी भरा गया। खिलचीपुर में गाडगंगा नदी में बने जलमंदिर में दर्शन करने गए छह लोग नदी का जल स्तर बढ़ने से फंस गए। जबकि खुजनेर में सडकों पर नाव दौड़ती नजर आई तो पचोर के एक नाले में बस खराब हो गई।
रविवार-सोमवार रात से ही जिले में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया था। सुबह होते-होते अधिकतर नदी-नाले उफान पर थे। ऐसे में सुबह के समय खिलचीपुर की गाडगंगा नदी के जल मंदिर में दर्शन करने के लिए कुछ लोग पहुंचे थे। इसमें छह लोग उस समय नदी के मंदिर में फंस गए जब अचानक गाड गंगा नदी का जल स्तर बढ़ गया। आसपास से पानी बढ़ने के बाद मंदिर में फंसे लोगों ने परचितों व सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की।
इसके बाद एसडीएम ज्योति राजोरो, पुलिस पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा व एसपी अमित तोलानी भी खिलचीपुर पहुंचे। इसके बाद होमागार्ड, पुलिस, प्रशासन की टीम सक्रिय हुई। कारबी 3 घंटे से अधिक समय तक वह लोग मंदिर में फंसे रहे। उनके गले-गले तक पानी पहुंच गया था।
करीब 11.30 बजे रेस्क्यू टीम नाव की मदद से मंदिर पर पहुंची और सभी छह लोगों को नाव के सहारे बाहर निकालने के लिए नाव में बैठाया गया। रेस्क्यू करने के लिए टीम के साथ एसपी अमित तोलानी खुद नाव में सवार होकर मंदिर पहुंचे थे।
मध्य प्रदेश राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में बाढ़ के दौरान नदी के बीच बने मंदिर में फंसे लोग#Rajgarh #MadhyaPradesh #MPNews pic.twitter.com/NaxhuMkGsy
— NaiDunia (@Nai_Dunia) August 10, 2026
उधर खुजनेर के निचले हिस्सो में सुबह से ही पानी भराना शुरू हो गया था। यहां भी हालात देखने के लिए कलेक्टर, एसपी पहुंचे। लोगों की मदद के लिए यहां सडकों पर नाव दौडती नजर आई। उधर पचोर के समीप एक नाले में बस खराब हो गई। ऐसे में सवारियों को मौके पर ही उतारा गया। इसके अलावा जिले के बोड़ा, ब्यावरा, उदनखेड़ी व खिलीपुर के निचले हिस्सो में पानी भरा गया। चारों और हा-हाकार मचा हुआ है।

सारंगपुर में तेज बारिश के कारण सिविल अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उचित एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। जायजा लेने मंत्री गौतम टेटवाल भी सड़कों पर उतरे।

यह भी पढ़ें- राजगढ़ में कार तालाब में गिरने से 5 की मौत, देखते ही देखते पानी में समा गई कार