राजगढ़ में NEET अभ्यर्थी की संदिग्ध गुमशुदगी; बहन की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
19 वर्षीय देवेंद्र साहू अपनी बहन और जीजा के साथ ब्यावरा में NEET काउंसलिंग कराने आया था। बाथरूम जाने की कहकर निकला, फिर नहीं लौटा।
Publish Date: Fri, 07 Aug 2026 04:10:30 PM (IST)Updated Date: Fri, 07 Aug 2026 04:56:57 PM (IST)
फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- NEET काउंसलिंग के लिए आया था युवक
- बाथरूम जाने की कहकर निकला, फिर नहीं लौटा
- पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़ /ब्यावरा। नीट की काउंसलिंग कराने आए 19 वर्षीय युवक के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। गुरुवार दोपहर शिवम कंप्यूटर के पास से युवक बाथरूम जाने की कहकर निकला और वापस नहीं लौटा।
बहन की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
काउंसलिंग के लिए आया, अचानक हुआ गायब
पुलिस के अनुसार ग्राम पडौनिया निवासी मनीषा साहू पति आकाश साहू 28 ने गुरुवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मनीषा ने बताया कि वह जिला अस्पताल राजगढ़ में स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ हैं। 6 अगस्त 2026 को वह अपने पति अशोक और छोटे भाई देवेन्द्र साहू पिता करन सिंह साहू उम्र 19 के साथ ब्यावरा आई थी।
देवेन्द्र की नीट परीक्षा की काउंसलिंग करानी थी। दोपहर करीब 3 बजे वे मातृछाया कॉम्प्लेक्स के पास शिवम कंप्यूटर पर काउंसलिंग करा रहे थे।
बाथरूम जाने का बोला, फिर नहीं लौटा
इसी दौरान देवेन्द्र बाथरूम जाने की कहकर गया, लेकिन वापस नहीं आया। काफी देर इंतजार के बाद बहन और जीजा ने आसपास, कस्बा ब्यावरा और रिश्तेदारों में फोन कर पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
मनीषा ने आशंका जताई है कि उनका भाई किसी के साथ चला गया है या उसे कोई ले गया होगा। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। सिटी थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।