
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़/खुजनेर। राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाटन खुर्द में शुक्रवार सुबह 50 वर्षीय बिरम सिंह वर्मा का शव उनके खेत में पेड़ से लटका मिला। पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, वहीं परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि बिरम सिंह के परिवार ने 29 मई को गांव के एक व्यक्ति द्वारा सरकारी कुएं पर कथित अवैध कब्जे और मारपीट की शिकायत खुजनेर थाना एवं तहसील कार्यालय में की थी, लेकिन 14 दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन कार्रवाई कर देता तो आज बिरम सिंह जीवित होते।
मृतक के भाई रामप्रसाद वर्मा ने बताया कि गांव के कॉलोनी क्षेत्र स्थित सरकारी कुएं पर कथित रूप से शिवसिंह वर्मा ने कब्जा कर रखा है और ग्रामीणों को वहां से पानी भरने नहीं दिया जाता। 29 मई को उनके परिवार के सदस्य रामबाबू के साथ कुएं से पानी भरने को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस और तहसील में की गई थी।
परिजनों के अनुसार 11 जून को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विरोधी पक्ष द्वारा धमकियां दी जा रही थीं। गुरुवार शाम करीब पांच बजे से बिरम सिंह घर से लापता थे और शुक्रवार सुबह उनका शव खेत में पेड़ से लटका मिला।
यह भी पढ़ें- चरित्र संदेह में हैवान बना पति! पत्नी को डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट; लाश को खाट पर चादर ओढ़ाकर भागा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए खुजनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया और पोस्टमार्टम रूम के बाहर धरने पर बैठ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
बाद में समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाटन खुर्द में आज सुबह बिरम सिंह वर्मा का शव खेत में एक पेड़ पर लटका मिला। जिसका पोस्टमार्टम करा कर मर्ग कायम कर लिया।-रवि ठाकुर, थाना प्रभारी