राजगढ़ में प्याज की फसल बचाते-बचाते चली गई दो जिंदगी; महुआ के पेड़ के नीचे ढक रहे थे उपज, आकाशीय बिजली गिरने से काका-भतीजे की मौत
खेत पर काम करते समय बिजली गिरने से काका-भतीजे की मौत हो गई। यह हृदय विदारक घटना सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ी कलां की है।
Publish Date: Sun, 21 Jun 2026 03:59:31 PM (IST)Updated Date: Sun, 21 Jun 2026 04:05:40 PM (IST)
खेत में काम करते समय आकाशीय बिजली गिरने से विष्णु प्रसाद भिलाला और उनके भतीजे रामदयाल भिलाला की मौत हो गई। नईदुनिया।HighLights
- राजगढ़ जिले के गुलखेड़ी कलां गांव में खेत पर काम करते समय आकाशीय बिजली गिरने से काका-भतीजे की मौत
- मौसम खराब होने पर दोनों महुआ के पेड़ के नीचे प्याज की फसल ढंकने का प्रयास कर रहे थे
- विधायक एवं राज्य मंत्री ने घटना पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़/सारंगपुर। सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ी कलां में आकाशीय बिजली गिरने से काका-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश मालवीय ने बताया कि 19 जून की शाम करीब 5:30 बजे 43 वर्षीय विष्णु प्रसाद भिलाला और उनके भतीजे रामदयाल भिलाला खेत पर काम कर रहे थे।
प्याज ढंकने के दौरान हुआ हादसा
इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया। दोनों खेत में रखी प्याज की फसल को बचाने के लिए महुआ के पेड़ के नीचे उसे ढंकने का प्रयास कर रहे थे।
तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। वज्रपात इतना तेज था कि काका-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में मातम
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की स्थिति बन गई। स्थानीय प्रशासन को मामले की जानकारी दी गई है। वहीं क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य मंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।