
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा व अतिरिक्त भीड़ को समायोजित करने के उद्देश्य से रेल मंडल से गुजरने वाली अहमदाबाद–पटना स्पेशल ट्रेन का एक फेरा विस्तारित किया गया है।
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार 09447 अहमदाबाद–पटना स्पेशल तीन जून को अहमदाबाद व 09448 पटना–अहमदाबाद स्पेशल पांच जून को पटना से चलेगी। ट्रेनों के ठहराव, संरचना और समय के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं। इसके साथ ही यात्री रेलवन एप के माध्यम से भी ट्रेनों की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
रतलाम : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति रतलाम की 92वीं अर्द्ध वार्षिक बैठक मंडल कार्यालय में डीआरएम अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रतलाम नगर स्थित केंद्रीय सरकार के सभी प्रतिष्ठानों, बैंकों, निगमों और कार्यालयों के प्रमुखों ने भाग लिया और अपने कार्यालय में राजभाषा के प्रयोग प्रसार की स्थिति से अवगत कराया।
सभी कार्यालय प्रमुखों ने अपने-अपने कार्यालयों में हो रही राजभाषा की प्रगति और राजभाषा को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार, राजभाषा अधिकारी लाखनसिंह मीना सहित नगर के सभी केंद्रीय प्रतिष्ठानों के अधिकारी शामिल हुए। कुमार ने सभी से आह्वान किया कि हम हमारी राजभाषा को दिल से अपनाएं। हमें अपनी मातृभाषा जो कि हमारे देश की राजभाषा भी हैं, में सरकारी कामकाज करने में गर्व की अनुभूति होनी चाहिए।
रतलाम: पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने माल परिवहन परिचालन में नया इतिहास रचते हुए एक ही दिन में सर्वाधिक 66 क्रैक ट्रेनों का सफल संचालन कर नया रिकार्ड स्थापित किया है। इसके साथ ही मंडल ने 54.1 प्रतिशत क्रैक रेशियो हासिल कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है।
मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के नेतृत्व में परिचालन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से 30 मई 2026 को यह उपलब्धि हासिल की गई। इससे पहले एक दिन में सर्वाधिक 64 क्रैक ट्रेनों के संचालन का रिकार्ड 7 मई 2024 को दर्ज किया गया था। रतलाम मंडल ने इस रिकार्ड को पीछे छोड़ते हुए 66 क्रैक ट्रेनों का संचालन कर नई उपलब्धि अपने नाम कर ली।
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि क्रैक रेशियो के मामले में भी मंडल ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 12 मई 2026 को 52.21 प्रतिशत का सर्वश्रेष्ठ क्रैक रेशियो दर्ज किया गया था, जिसे बढ़ाकर 54.1 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है।रेलवे परिचालन में क्रैक ट्रेन वह मालगाड़ी होती है, जिसे बिना अनावश्यक यार्ड रुकावट, बिना रेक विभाजन और न्यूनतम परिचालन हस्तक्षेप के एक मंडल अथवा जोन से दूसरे मंडल अथवा जोन तक संचालित किया जाता है। इससे मालगाड़ियों की गति बढ़ती है, ट्रांजिट समय कम होता है तथा रेल नेटवर्क की क्षमता का बेहतर उपयोग संभव हो पाता है।रेल अधिकारियों के अनुसार क्रैक ट्रेनों के अधिक संचालन से माल की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित होती है, वैगनों का टर्नअराउंड समय घटता है और लआजिस्टिक्स प्रणाली अधिक प्रभावी बनती है।