
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। ऑपरेशन क्लीन के तहत पुलिस ने सात सालों से फरार सांसी गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सांसी गिरोह की जड़े राजगढ़ जिले के कड़ियां गांव में जमी हुई है। इसी कारण से इन्हें कड़िया सांसी कहा जाता है। सभी आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
आरोपितों के कब्जे से करीब 6 लाख 50 हजार रुपये कीमत के चोरी गए सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में 46 वर्षीय मोहरसिंह सांसी निवासी ग्राम कड़िया थाना बोडा जिला राजगढ़, 32 वर्षीय बबलू उर्फ बब्बु सांसी निवासी ग्राम गुलखेड़ी थाना बोडा जिला राजगढ़, 45 वर्षीय कृष्णाबाई सांसी ग्राम कड़िया थाना बोडा जिला राजगढ़, 25 वर्षीय कोहिनूर निवासी ग्राम कड़िया थाना बोडा जिला राजगढ़ तथा 30 वर्षीय मीनाक्षी पत्नी बबलू उर्फ बब्बू निवासी ग्राम गुलखेड़ी थाना बोडा जिला राजगढ़ शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आठ मार्च 2019 को डीआरपी लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुभाष राठौड़ की पुत्री के विवाह समारोह का रिसेप्शन प्रताप नगर ब्रिज के पास स्थित आनंद पैलेस में आयोजित था।
समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश मेहमान बनकर समारोह में पहुंचे और करीब 40 हजार रुपये लिफाफे के, आभूषण एवं मोबाइल चोरी कर फरार हो गए थे।
बाद में चोरी के पैटर्न एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को कड़ियां सांसी गिरोह की संलिप्तता का पता चला था। पुलिस ने बताया कि कड़ियां सांसी गिरोह के सदस्य चोरी की वारदातों में माहिर होते हैं।
यह गिरोह शादी समारोह, बैंक, दुकानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों का ध्यान भटकाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। गिरोह छोटे बच्चों का उपयोग भी करता है।
पीड़ितों को सामान चोरी होने की जानकारी काफी देर बाद लगती है। एएसपी विवेक कुमार एवं प्रभारी सीएसपी अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना स्टेशन रोड प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम लगातार उनकी पतारसी कर रही थी।
मुखबिर सूचना, तकनीकी विश्लेषण एवं सतत निगरानी के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
आरोपितों के कब्जे से एक जोड़ी सोने की हाथ की पाटली, एक जोड़ी सोने के कान के टाप्स, दो सोने के नाक के कांटे, एक सोने की सिर की माथरिया, एक सोने की नाक की नथनी तथा एक जोड़ी चांदी की पायजेब जब्त की है।