नईदुनिया के अभियान का असर, अब डॉक्टर की पर्ची के बगैर दवा बेची तो होगी कार्रवाई
Antibiotics Awareness campaign: एंटीबायोटिक्स के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर नईदुनिया द्वारा शुरू किया गया अभियान लोगों को जागरूक करने के साथ ही प्रशासन को ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 17 Feb 2026 10:27:29 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Feb 2026 10:29:57 AM (IST)
नईदुनिया के अभियान का असर, अब डॉक्टर की पर्ची के बगैर दवा बेची तो होगी कार्रवाईHighLights
- रतलाम में कलेक्टर ने कहा, एसडीएम व तहसीलदार सतत निगरानी रखें
- एंटीबायोटिक्स के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर नईदुनिया चला रहा अभियान
- बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के मेडिकल संचालक दवाइयों का विक्रय नहीं करें
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। एंटीबायोटिक्स के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर नईदुनिया द्वारा शुरू किया गया अभियान लोगों को जागरूक करने के साथ ही प्रशासन को सख्त रवैया अपनाने पर भी मजबूर कर रहा है। अभियान को लेकर अब प्रशासन ने भी सख्ती शुरू कर दी है।
सोमवार को समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर मिशा सिंह ने निर्देश दिए कि बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के कोई भी मेडिकल संचालक दवाइयों का विक्रय नहीं करे।
एसडीएम एवं तहसीलदार सतत निगरानी रखें
इसके लिए एसडीएम एवं तहसीलदार सतत निगरानी रखें तथा बिना प्रिसक्रिप्सन के दवाई का विक्रय करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। मालूम हो कि बगैर डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से एएमआर की स्थिति बनती है। मरीज सीधे दवा दुकानों से दवा लेते हैं, जिससे कई बार मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है।
छह दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए थे
वर्ष 2025 में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्रवाई कर बगैर प्रिसक्रिप्सन के दवा बेचने के मामले में छह दवा दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए थे। अब कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को भी इसकी निगरानी के लिए निर्देशित किया है।
यह भी पढ़ें- Antibiotics Awareness: न करें ऐसी भूल, पहले चेकअप कराएं फिर डॉक्टर की लिखी दवा काउंटर से खरीदें
जागरूकता को लेकर काम शुरू
केमिस्ट एसोसिएशन, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने भी जागरूकता को लेकर काम शुरू किया है। बैठक में कलेक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त करने के लिए अभियान छेड़ने और इलाज के लिए आने वाले टीबी के मरीजों की आभा आइडी बनवाने के निर्देश दिए हैं।