रतलाम: खेत पर वृद्ध महिला की हत्या, सोने की बालियां गायब, लूट के विरोध में हत्या की आशंका
मृतका के पुत्र का कहना है कि उनकी मां कानों में करीब डेढ़ तोला सोने की बालियां पहने हुए थीं, जो घटना के बाद गायब मिले। उन्होंने आशंका जताई कि कोई अज्ञ ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 21 May 2026 08:29:02 PM (IST)Updated Date: Thu, 21 May 2026 08:32:34 PM (IST)
रतलाम में महिला की हत्या।HighLights
- मां कानों में डेढ़ तोला सोने की बालियां पहने हुए थीं।
- कोई अज्ञात आरोपित लूट की नीयत से आया होगा।
- पहचान हो जाने पर उनकी मां की हत्या की होगी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। बड़ावदा थाना अंतर्गत ग्राम रेवास में 70 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। महिला खेत पर कृषि कार्य करने गई थी, जहां उसका शव मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला जांच में लिया है और पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल पहुंचाया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रेवास निवासी तुलसीबाई पत्नी रतनलाल राठौर गुरुवार को अपने खेत पर कृषि कार्य करने गई थीं।
मृतका के पुत्र अनोखीलाल राठौर, जो ग्राम पंचायत राजाखेड़ी में सचिव हैं, ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा खेत पर चाय देने गया था, तब उनकी माता खेत पर बैठी थीं।
शाम करीब 5 बजे जब दोबारा खेत पर पहुंचे तो देखा कि तुलसीबाई खेत में औंधे मुंह पड़ी थीं और उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के पुत्र का कहना है कि उनकी मां कानों में करीब डेढ़ तोला सोने की बालियां पहने हुए थीं, जो घटना के बाद गायब मिले। उन्होंने आशंका जताई कि कोई अज्ञात आरोपित लूट की नीयत से आया होगा और पहचान हो जाने पर उनकी मां की हत्या कर दी।
सरसी चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के घुटनों के नीचे पैरों में चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर अन्य कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई है, हालांकि आंखों से खून निकलने के निशान मिले हैं।
कानों की बालियां गायब हैं, लेकिन कान सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।