
नईदुनिया न्यूज, आलोट (रतलाम)। उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। सांसद अनिल फिरोजिया के प्रयासों और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए प्रस्ताव के बाद रेलवे ने कोटा-चौमहला मेमू ट्रेन (61624/61623) का विस्तार उज्जैन तक करने की स्वीकृति दे दी है।
अब यह ट्रेन कोटा से चलकर चौमहला के स्थान पर सीधे उज्जैन तक आएगी-जाएगी। इससे उज्जैन, नागदा, महिदपुर रोड, आलोट, विक्रमगढ़ आलोट, भवानी मंडी और झालावाड़ रोड सहित मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
सांसद प्रतिनिधि व रेलवे सलाहकार समिति सदस्य नंदन जैन ने बताया कि विस्तारित ट्रेन का शुभारंभ 15 जून 2026 को विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर होगा, जहां सांसद अनिल फिरोजिया ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में विधायक डा. चिंतामणि मालवीय सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। नई समय सारणी के अनुसार कोटा से सुबह 5:40 बजे रवाना होकर ट्रेन दोपहर 12 बजे उज्जैन पहुंचेगी, जबकि उज्जैन से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान कर शाम 7:05 बजे कोटा पहुंचेगी। यह सुविधा यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
नागदा जंक्शन। सांसद अनिल फिरोजिया के प्रयासों से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा कोटा-चौमहला ट्रेन को नागदा होकर उज्जैन तक बढ़ाया गया, जिसका प्रथम नागदा आगमन 15 जून को प्रात 10.15 बजे होगा। सांसद फिरोजिया ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रकाश जैन के अनुसार ट्रेन का स्वागत किया जाएगा।
नागदा जंक्शन। रेलवे द्वारा 15 व 16 जून को समपार संख्या 103 पर मेंटेनेंस कार्य के चलते समपार बंद रखा जाएगा। सोमवार को 9 से 2 बजे तक और मंगलवार को शाम 4 से 7 बजे तक फाटक पर मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। कार्य के दौरान समपार फाटक पर सड़क यातायात को पूर्णत: बंद रखा जाएगा। वैकल्पिक मार्ग के रूप में बिरलाग्राम ओवरब्रिज एवं इंगोरिया ब्रिज से जाने का मार्ग उपलब्ध रहेगा।