सुबह से इंतजार, शाम को धरना... रतलाम में कलेक्टर से मिलने के लिए तरसीं जिपं अध्यक्ष, पति के साथ कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर किया प्रदर्शन
भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चंद्रवंशी कलेक्ट्रेट के बाहर सीढ़ियों पर पति शंभूलाल के साथ धरने पर बैठ गई। वजह बताई गई कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 24 Mar 2026 02:15:44 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Mar 2026 02:15:44 AM (IST)
पति के साथ कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर किया प्रदर्शन।HighLights
- रतलाम में कलेक्टर से मिलने के लिए तरसीं जिपं अध्यक्ष
- पति के साथ कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर किया प्रदर्शन
- रतलाम कलेक्टर ने मीटिंग का हवाला देकर दी सफाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। सोमवार रात करीब आठ बजे भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चंद्रवंशी कलेक्ट्रेट के बाहर सीढ़ियों पर पति शंभूलाल के साथ धरने पर बैठ गई। वजह बताई गई कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा मिलने का समय नहीं देना। करीब एक घंटे तक धरना देने के बाद अधिकारियों के समझाने और पार्टी के पदाधिकारियों के कहने पर वे वापस चली गई। हालांकि इस दौरान जिंप अध्यक्ष के पति शंभूलाल ने प्रशासन के रवैये पर जमकर नाराजगी जाहिर की।
![naidunia_image]()
पति के साथ धरने पर बैठी जिपं अध्यक्ष
दरअसल, अपनी मांगों और गांव की कुछ समस्याओं को लेकर जिपं अध्यक्ष लालाबाई ने सोमवार सुबह कलेक्टर मिशा सिंह से मिलने का समय मांगा था। शाम तक मुलाकात नहीं हुई तो आक्रोशित होकर लालाबाई कलेक्ट्रेट के बाहर सीढ़ियों पर ही पति के साथ धरने पर बैठ गई। इसकी सूचना मिलने पर एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर व जिपं के अन्य अधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिपं अध्यक्ष व उनके पति शंभूलाल से चर्चा की। कुछ देर बाद मोबाइल पर पार्टी नेताओं से चर्चा के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
![naidunia_image]()
सुबह से शाम तक कराया इंतजार
जिपं अध्यक्ष के पति व सांसद प्रतिनिधि शंभूलाल ने बताया कि गांव के मंदिर के मामले में, एक युवती के गुमशुदा होने पर एक माह तक कार्रवाई नहीं होने व अन्य विषय में कलेक्टर से मिलने का समय मांगा था। सुबह 11 बजे कार्ड दिया, फिर भी समय नहीं दिया। कलेक्टर के रीडर को भी तीन बार बताया, इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय को भी जानकारी दी। दोपहर तीन बजे भी वापस आकर कार्ड भेजा, लेकिन शाम सात बजे तक इंतजार कराने के बाद कलेक्टर मिले बगैर चली गई। जनप्रतिनिधि की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में डिटर्जेंट के नाम पर पान मसाला का खेल, 35 करोड़ की टैक्स चोरी में फंसे कारोबारी, आरोपी 2 अप्रैल तक जेल में
जिपं अध्यक्ष जब मिलने आई, तब मीटिंग चल रही थी। उन्हें एडीएम से मिलने के लिए कहा था। एडीएम ने आधे घंटे तक उनसे चर्चा कर जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए। गुमशुदा युवती का मामला पुलिस से संबंधित है। समय नहीं देने जैसी कोई बात नहीं है।- मिशा सिंह, कलेक्टर