मऊगंज में कानून का डर खत्म, पुलिस कंट्रोल रूम के ठीक सामने निविदाकार पर जानलेवा हमला
आज बात करेंगे उस शहर की, जहां रक्षक के घर के सामने ही भक्षक खुलेआम घूम रहे हैं। मऊगंज जिला, जो अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 14 May 2026 01:57:16 PM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 01:57:16 PM (IST)
लोगों ने कहा कि आखिर मऊगंज पुलिस सो रही है या जानबूझकर आंखें मूंदे बैठी है? प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- मुख्य अभियंता कार्यालय के अंदर गुंडों का तांडव
- मौत के घाट उतारने की कोशिश की गई
- रॉड और हॉकी से फोड़ा सिर, लूट का भी आरोप
नईदुनिया न्यूज, मऊगंज। आज मऊगंज जिला गुंडाराज और खौफ की वजह से चर्चा में है। जहां से पूरे जिले का पुलिस सिस्टम कंट्रोल होता है, ठीक उसी पुलिस कंट्रोल रूम के सामने और मुख्य अभियंता कार्यालय के भीतर एक निविदाकार को मौत के घाट उतारने की कोशिश की गई।
सिर फोड़ा, लूटपाट कर बड़े आराम से चलते बने
पुलिस बगल में बैठी रही और गुंडे रॉड-हॉकी से सिर फोड़ लूटपाट कर बड़े आराम से चलते बने। आखिर मऊगंज पुलिस सो रही है या जानबूझकर आंखें मूंदे बैठी है?
कानून नहीं बल्कि अपराधियों का सिक्का चलता है
लहूलुहान शख्स मनीष कुमार पांडे है, जो सिंगरौली से मऊगंज काम के सिलसिले में आया था। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस सरकारी दफ्तर में वह जा रहा है, वहां कानून नहीं बल्कि अपराधियों का सिक्का चलता है। घटना 11 मई की दोपहर करीब 3:40 बजे की है।
प्रहार किया गया जब तक वे बेहोश नहीं हो गए
जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिजली विभाग के निविदाकार मनीष पांडे जैसे ही मुख्य अभियंता कार्यालय से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें घेर लिया। नाम पुछा और फिर शुरू हुआ मौत का तांडव। रॉड और हॉकी से मनीष के सिर पर तब तक प्रहार किया गया जब तक वे बेहोश नहीं हो गए।
48 हजार नकद, लैपटॉप और गले की सोने की चेन ले गए
घायल मनीष ने बताया कि आरोपी धमकी देते हुए बोले कि अभी छोड़ दिया है, फिर काम करोगे तो जान से मार दूंगा... यह बोलते हुए हमलावर मनीष के पास रखे 48 हजार नकद, लैपटॉप और गले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।