
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। लोकायुक्त संगठन रीवा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खजुहा कला हल्का के पटवारी मनोज पांडे को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप कर लिया।
आरोपी पटवारी सीमांकन के दौरान भूमि की सीमा बरकरार रखने के एवज में कुल 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। सत्यापन के दौरान वह पहले ही 10 हजार रुपये ले चुका था।
आवेदक कमलेश पटेल पिता राम जियावन पटेल निवासी ग्राम खजुआ कला, तहसील गुड, जिला रीवा ने 13 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दी थी।
कमलेश ने बताया कि उनके पिताजी के नाम से ग्राम खजुहा कला में भूमि है। गांव के ही रामाधार पटेल व अन्य द्वारा तहसील गुड में सीमांकन के लिए आवेदन लगाया गया है।
इस सीमांकन में कमलेश के पिता की भूमि सरहदी में पड़ती है। आवेदक का आरोप है कि उनकी भूमि की सीमा बरकरार रखने के लिए हल्का पटवारी मनोज पांडे 15 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत मिलने पर लोकायुक्त एसपी ने सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी ने 10 हजार रुपये रिश्वत ले ली और 5 हजार रुपये और मांग रहा था। इसके बाद आज 16 मई 2026 को ट्रैप की योजना बनाई गई।
टीम ने आरोपित मनोज पांडे पिता पीएन पांडे, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 9 राजीव मार्ग 5 निराला नगर को डभौरा हाउस के सामने राजीव मार्ग निराला नगर रीवा में 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी पटवारी के विरुद्ध धारा 7 (क) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
ट्रैपकर्ता अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया व स्वतंत्र शासकीय गवाह सहित 12 सदस्यीय टीम ने कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें- मऊगंज के हनुमना में भुगतान के लिए ग्राम सचिव ने एक लाख मांगे, 10 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार