
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा: डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिला रीवा में सोमवार की शाम मेडिकल छात्रों के दो गुटों में हुए विवाद के बाद मेडिकल छात्रों ने आधी रात को एक बार फिर जमकर बवाल किया है। गत सोमवार की शाम को मेडिकल कॉलेज कैंपस से शुरू हुआ विवाद देर रात तक संजय गांधी अस्पताल में चलता रहा, जिस दौरान छात्र गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई।
हालांकि है विवाद यही नहीं थमा, बताया गया कि जब मामला शांत होने के बाद सभी छात्र अपने-अपने निवास स्थान पर चले गए तो आधी रात को शहर के ही द्वारिका नगर में किराए के कमरों में रहने वाले छात्रों पर अचानक से हमला हो गया। यहां छात्रों के एक गुट के किराए के कमरों में रहने वाले दूसरे गुट के छात्रों पर आधी रात हमला कर उन पर जमकर लाठी डंडे बरसाए हैं।
बता दें कि देर रात हुई इस घटना का एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मेडिकल छात्र लाठी डंडे से हमला करते नजर आ रहे हैं, तो वहीं कुछ छात्र जान बचाकर भागते भी नजर आए हैं। फिलहाल देर रात हुई घटना के बाद अब पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 28 मेडिकल छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बता दें कि मेडिकल छात्रों का यह बवाल मध्य प्रदेश की डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के गृह जिले के साथ-साथ उनके निवास स्थान से चंद कदम दूर स्थित द्वारिका नगर में हुआ है। यहां शाम को हुए विवाद के बाद 50 से अधिक मेडिकल छात्र आधी रात द्वारिका नगर जा पहुंचे और किराए से रहने वाले छात्रों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
दरअसल सोमवार को रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के छात्रों में जीटी यानी की छुट्टी पर जाने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। विवाद की शुरुआत मेडिकल कॉलेज के कैंपस से हुई थी, जिसके बाद संजय गांधी अस्पताल परिसर में भी दोनों ने जमकर मारपीट की थी, जिसमें करीब आधा दर्जन छात्र घायल हुए थे।
हालंकि की घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अमहिया थाना पुलिस ने मामले को शांत करा दिया था, लेकिन यह विवाद रात में एक बार फिर बवाल में तब्दील हो गया। बताया गया कि 50 से अधिक मेडिकल छात्रों के एक गुट ने किराए के कमरों में रहने वाले दूसरे गुटके छात्रों पर आधी रात हमला कर दिया कई अन्य छात्र भी घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- पटना-इंदौर एक्सप्रेस का कोच अटेंडेंट कर रहा था दुर्लभ कछुओं की तस्करी, भोपाल में RPF के हत्थे चढ़ा
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अब घायल छात्रों की लिखित शिकायत के आधार पर मारपीट करने वाले 28 आरोपी छात्रों को चिन्हित कर एफआईआर दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि छुट्टी पर जाने को लेकर छात्र गुटों में असमंजस्य की स्थिति बनी थी जिसको लेकर दो गुटों में विवाद हुआ था।
बार-बार समझाइस के बाद भी दोनों पक्ष आपस में विवाद कर रहे थे, जिसके चलते मारपीट में घायल छात्रों की शिकायत के आधार पर 28 लोगों को चिन्हित किया गया है जिनके विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।