
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ रीवा की टीम ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला मऊगंज के हनुमना जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बलभद्रगढ़ के रिश्वतखोर ग्राम सचिव शरदचन्द्र गिरि को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सचिव पीसीसी रोड निर्माण कार्य का पैसा निकालने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
फरियादी प्रकाश यादव निवासी ग्राम पंचायत बलभद्रगढ़, हनुमना ने ईओडब्ल्यू में शिकायत की थी। प्रकाश यादव बलभद्रगढ़ पंचायत के सरपंच का पति है। उसने गत 12 मई 2026 को ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों का भुगतान कराने के लिए आवेदन किया था।
भुगतान सचिव के डीएससी सिग्नेचर और ओटीपी जनरेट करने के बाद ही संभव था। आरोप है कि ग्राम सचिव शरदचन्द्र गिरी डीएससी सिग्नेचर और ओटीपी जनरेट करने के लिए एक लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। परेशान होकर फरियादी ने ईओडब्ल्यू रीवा में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ईओडब्ल्यू ने ट्रैप की योजना बनाई। तय प्लान के तहत फरियादी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये आरोपी सचिव शरदचन्द्र गिरि को दिए।
जैसे ही सचिव ने पैसे हाथ में लिए, पहले से तैयार ईओडब्ल्यू टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। ईओडब्ल्यू ने बताया कि आरोपी सचिव पुलिया निर्माण कार्य एवं पीसीसी रोड निर्माण कार्य का पैसा निकालने के एवज में रिश्वत ले रहा था।
इस पूरी कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण किरो, निरीक्षक मोहित सक्सेना, उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उप निरीक्षक पवन राज, उप निरीक्षक आर संतोष पाण्डेय, प्र0आर0 पुष्पेन्द्र पटेल, प्र0आर0 सत्यनारायण मिश्रा, प्र0आर0 घनश्याम त्रिपाठी, म0प्र0आर0 कुमारी पूजा सिंह गहरवार, आर0 धनंजय अग्निहोत्री, आरक्षक चालक संतोष मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में चोरी कर भागे, मंदिर के गेट पर फोन गिरा, उठाते समय ग्रामीणों ने दबोच लिया