
नईदुनिया प्रतिनिधि, मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक प्रदीप पटेल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पिछले लगभग 22 दिनों से सार्वजनिक रूप से गायब रहने के बाद, अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने न केवल क्षेत्र की जनता, बल्कि मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में भी खलबली मचा दी है।
वायरल वीडियो में विधायक प्रदीप पटेल अपने बेटे और परिवार के सदस्यों से फोन पर बात करते हुए बेहद चिंतित नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान वे अपने बेटे को सख्त निर्देश दे रहे हैं कि घर से बाहर बिल्कुल न निकलें। वे कहते हैं, 'बेटा घर में ही रहना, बाहर बिल्कुल मत निकलना'। उन्होंने यहां तक सलाह दी कि यदि किसी सामान की जरूरत हो, तो उसे ऑनलाइन मंगा लिया जाए, लेकिन किसी भी परिस्थिति में गेट सोच-समझकर ही खोला जाए।
वीडियो में विधायक यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि वे अब भोपाल जा रहे हैं और उनका क्षेत्र में आना-जाना फिलहाल न के बराबर होगा। सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब उन्होंने अपने बेटे से कहा कि 'तीन साल बाद फिर देखेंगे, राजनीति अपने को नहीं करना है।' उन्होंने निर्देश दिया कि उनकी अनुपस्थिति में उनके लेटर पैड का इस्तेमाल किया जाए और जरूरी काम अधिकारियों तक पहुंचाए जाएं। साथ ही, उन्होंने अपने बेटे को अधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में शामिल होने की भी सलाह दी है।
विधायक का यह रूप देखकर जनता के मन में डर व्याप्त है। बताया जा रहा है कि एक जमीन विवाद के बाद से उनकी सुरक्षा को लेकर स्थितियां तनावपूर्ण बनी हुई हैं। जब एक जनप्रतिनिधि खुद को इतना असुरक्षित महसूस कर रहा है कि वह अपने परिवार को घर में कैद रहने को कह रहा है, तो आम जनता की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर दो तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे विधायक की जान को वास्तविक खतरा मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे प्रशासन पर दबाव बनाने का एक 'राजनीतिक स्टंट' करार दे रहे हैं। विधायक ने वीडियो में यह भी कहा कि उनके पास बहुत से फोन आ रहे हैं, लेकिन वे सबको अपनी स्थिति नहीं बता सकते।
फिलहाल, 22 दिनों के इस 'अज्ञातवास' और वायरल वीडियो ने मऊगंज की कानून व्यवस्था और भाजपा के भीतर की अंदरूनी सुरक्षा स्थिति पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विधायक का अगला कदम क्या होगा, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। इस संबंध में उनके कार्यालय से जानकारी दी गई है कि विधायक अभी भोपाल में है, जबकि सूत्रों का कहना है कि वह कहां है इसकी जानकारी किसी को नहीं है।