
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के लेहदरा नाका में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपने ही बेटे पर कतरना (धारदार कृषि उपकरण) से हमला कर दिया, जिससे उसकी एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल युवक को उसकी बहनों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपित पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित गजेंद्र सिंह दांगी ने मोतीनगर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उसके पिता शक्ति सिंह दांगी अक्सर शराब के नशे में घर आकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं।
गुरुवार रात करीब 10 बजे भी शक्ति सिंह शराब पीकर घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को गालियां देने लगे। जब गजेंद्र और उसकी पत्नी अभिलाषा ने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने गुस्से में कतरना उठाकर हमला कर दिया।
गजेंद्र ने बताया कि उसने सिर बचाने का प्रयास किया, लेकिन कतरना उसकी बाईं आंख के नीचे जा लगा। हमले में आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के समय मौजूद उसकी बहनों ने बीच-बचाव कर उसे घर से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
यह भी पढ़ें- हनीट्रैप कांड में बड़ा एक्शन: इंदौर क्राइम ब्रांच ने सागर में रेशु के घर पर मारा छापा; इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त
पीड़ित का आरोप है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी उसके पिता कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर चुके हैं।
परिजनों का कहना है कि आरोपित के हिंसक व्यवहार के कारण परिवार के सदस्य लगातार भय के माहौल में जी रहे हैं।
शिकायत के आधार पर मोतीनगर पुलिस ने आरोपित शक्ति सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।