
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। बंडा की एसडीएम आरती यादव और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को उनके वर्तमान प्रभार से हटाकर मुख्यालय बुला लिया गया है। वहीं बंडा थाना प्रभारी रहे राजेंद्र कुशवाहा को रविवार को हटाए जाने के बाद अब उनकी जगह सागर के सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह को बंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, सागर की ओर से प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से जिला स्तर पर राज्य प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक संयुक्त कलेक्टर आरती यादव को बंडा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के पद से हटाकर कलेक्ट्रेट कार्यालय, सागर में पदस्थ किया गया है।
उनके पास बंडा के साथ शाहगढ़ अनुविभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था। वहीं डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार जैन को बंडा एसडीएम का प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें शाहगढ़ अनुविभाग (राजस्व) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
पुलिस विभाग में भी देर रात बड़ा बदलाव किया गया। गृह विभाग ने बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को हटाकर उन्हें भोपाल मुख्यालय बुला लिया है। उनके स्थान पर रोहित लखारे को बंडा अनुभाग में एसडीओपी के रूप में पदस्थ करने का आदेश जारी किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के तहत बंडा थाने की कमान अब आनंद सिंह को सौंपी गई है। आनंद सिंह इससे पहले सागर के सिविल लाइन थाना प्रभारी थे। वहीं छानबीला थाने में विद्याधर यादव को थाना प्रभारी बनाया गया है। फिलहाल सिविल लाइन थाना में किसी नए थाना प्रभारी की पदस्थापना नहीं की गई है।
बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन और पुलिस स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।एसडीएम, एसडीओपी और थाना प्रभारी में बदलाव को इसी कार्रवाई की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।