सागर कार अग्निकांड: पति बार-बार बदल रहा बयान, भाई और पिता बोले- दामाद ने रची बेटी की हत्या की साजिश
संदेह के आधार पर पुलिस सीमा के पति डॉ. नीलेश पटेल से कई बार पूछताछ कर चुकी है। हर बार वह नई कहानी बता रहा है। पुलिस को संदेह है कि सीमा की सुनियोजित ढ ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Mar 2026 10:11:48 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 10:11:48 PM (IST)
सागर कार अग्निकांड में गहराया रहस्य।HighLights
- सागर कार अग्निकांड में गहराया रहस्य
- पति के बदलते बयानों ने बढ़ाया शक
- पुलिस ने किया क्राइम सीन रिक्रिएशन
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। सागर के चनाटोरिया टोल प्लाजा के पास शनिवार तड़के कार और उसमें जलने से 38 वर्षीय सीमा पटेल की मौत के मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। संदेह के आधार पर पुलिस सीमा के पति डॉ. नीलेश पटेल से कई बार पूछताछ कर चुकी है। हर बार वह नई कहानी बता रहा है। पुलिस को संदेह है कि सीमा की सुनियोजित ढंग से हत्या की गई है। संदेह पति पर ही है।
पुलिस को बताई गई घटना के अनुसार गढ़ाकोटा निवासी डॉ. नीलेश पटेल शनिवार सुबह पत्नी सीमा और दो कर्मचारियों के साथ सागर की ओर जा रहे थे। चनाटोरिया के पास उनकी कार में आग लग गई थी। डॉ. नीलेश और दोनों कर्मचारी तो कार से उतर गए लेकिन सीमा की जलने से मौत हो गई।
पुलिस ने गठित की तीन टीमें
मामले की जांच के लिए पुलिस ने तीन टीमें बनाई हैं। रविवार को पहली टीम डॉ. नीलेश पटेल को घटनास्थल पर ले गई। वहां दुर्घटना और आग लगने की घटना का रिक्रिएशन किया गया, ताकि बयानों से फॉरेंसिक तथ्यों का मिलान किया जा सके। पुलिस को पोस्टमार्टम और घटनास्थल की फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट से यह बात साफ हो जाएगी कि कार में सीमा का शव जला था, या फिर उनकी मौत आग में जलने से हुई है। पुलिस को संदेह है कि मृतका के सीने में दर्द होने की बात भी झूठी हो सकती है, ऐसे में दूसरी टीम ने बच्चों के भी बयान लिए हैं।
यह भी पढ़ें- MP में प्रशासनिक फेरबदल, विकास मिश्रा होंगे सीधी के नए कलेक्टर, स्वरोचिष सोमवंशी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
मायके पक्ष ने लगाया षड्यंत्र का आरोप
तीसरी टीम मृतका के मायके वालों के बयान और फोन कॉल का ब्योरा लेने पहुंची थी। सीमा के पिता राधा चरण पटेल ने आरोप लगाया कि कार में तीन और लोग थे, वे सुरक्षित निकल आए लेकिन बेटी जल गई। यह षड्यंत्र है। दामाद ने बार-बार झूठ बोला। सीमा के भाई और बहनोई ने भी डॉ. नीलेश पटेल पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है।
डॉ. नीलेश पटेल बार-बार बयान बदल रहे हैं। गढ़ाकोटा स्थित घर और घटनास्थल की जांच की गई है। डॉ. नीलेश पटेल के बयानों की पुष्टि की जा रही है। - भरत सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी, सानौधा