
नईदुनिया प्रतिनिधि सागर/ खुरई। खुरई के सुभाष वार्ड में एक ही परिवार से जुड़ी दो दर्दनाक घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। हनुमान मंदिर के पुजारी की जहर खाने से मौत होने के महज दो दिन बाद उनकी पत्नी ने अपने दो बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार सुभाष वार्ड निवासी आरती तिवारी ने अपनी 13 वर्षीय बेटी दिव्या और 12 वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान आरती ने दम तोड़ दिया। दोनों बच्चों का उपचार जारी है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले सत्यदेव तिवारी (34) ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उन्हें सागर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सत्यदेव तिवारी खुरई कोर्ट परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सत्यदेव तिवारी आरती के तीसरे पति थे, जबकि दोनों बच्चे आरती के पूर्व पति से थे। पुलिस को आशंका है कि महिला ने पहले बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।
दोनों बच्चों का उपचार बीएमसी में चल रहा है। वहीं महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि पूरे दिन मामले की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। खुरई थाना प्रभारी संतोष सिंह दांगी ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी क्योंकि वे केसली में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त थे।