
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। केसली के खेमरिया में गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पेड़ पर मिले महिला व खेत पर मिले चार बेटियों के शवों का पीएम सागर जिला अस्पताल में हुआ। चार-चार बेटियां होने व पति के 11 महीने से घर न लौटने से वह तनाव रहती थी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को सविता के घर के सामने सड़क के उस पार विश्वकर्मा समाज के यहां शादी समारोह की पंगत थी, जिसमें सविता अपनी बच्चियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहां पर भी वह हमेशा की तरह सब से मिलीजुली, जिसमें किसी को भी यह अंदाजा नहीं हुआ कि यहां से जाकर रात में वह इतना बड़ा कदम उठाएगी। सविता के पति तीन-चार भाई हैं, जिनके अलग-अलग खेत हैं। सभी अलग-अलग रहते थे। सविता ससुर के साथ खेत पर बने मकान में रहती थी।
गांव वालों ने बताया कि पिछले बैशाख में घर में भूसा रखवा कर चंद्रभान गया था। उसके बाद से वह घर नहीं लौटा। इस दौरान उसके ताऊ के लड़के की मौत हो गई, लेकिन वह नहीं आया। बस चालकों से पूछताछ में चंद्रभान के दूसरे शहर में देखे जाने की जानकारी मिली, लेकिन उसका फोन नंबर नहीं था, तो संपर्क भी नहीं हो पाया।
खमरिया के पलोह में सविता का मायका है। मध्यमवर्गीय परिवार में उसकी शादी हुई थी। घर में तीन एकड़ जमीन है। खेत में घर बना होने से आसपास कोई दूसरा मकान नहीं था। घटना की रात ससुर, छोटी बहन और सविता तीनों अलग-अलग कमरे में सो रहे थे।

सागर से पहुंचे एफएसएल वैज्ञानिक की टीम ने पेड़ पर लटके शव से लेकर कुआं और मकान के रास्ते का मुआयना किया। प्रथम दृष्टया सविता पेड़ पर करीब 15 फीट ऊपर चढ़कर रस्सी के फंदे पर लटक कर जान दी। संभावत: सविता ने दो-दो बच्चियों को अलग-अलग ले जाकर कुएं में पहले फेंका फिर कुएं से करीब ढाई सौ फीट दूर दूसरे के खेत में लगे बेर के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। घर से कुआं व पेड़ की दूसरी करीब ढाई तीन सौ फीट दूर है।
दो दिन में इस तरह की जिले में यह दूसरी घटना है। इसके ठीक एक दिन पहले जैसीनगर के हिन्नौद गांव में खेत पर बने कुएं में मंगलवार दोपहर एक महिला पांच साल की बेटी को लेकर कुएं में कूदकर जान दे दी। दरअसल सीमा पाल (29) पत्नी भागीरथ पाल निवासी ग्राम नाहरमऊ (केसली) अपनी पांच वर्षीय बेटी प्रियांशी के साथ पिछले कुछ समय से मायके ग्राम हिंन्नोद में रह रही थी। मंगलवार दोपहर 12 वह बेटी के साथ खेत गई थी, जहां सीमा ने बेटी के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी।