
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अजीब मामला सामने आया है। यहां के मोतीनगर थाने की पुलिस गड़े मुर्दे उखाड़ रही है। उसे तलाश एक हत्यारे की है, जिसके स्वजन का दावा है कि वह मर चुका है। दावे के मुताबिक, उसके शव को लावारिस समझकर पुलिस ने ही दफना दिया था। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस उसी को खोजने के लिए कब्र खोद रही है।
दरअसल, मोतीनगर थाना क्षेत्र के काकागंज में वर्ष 2003 में हुई एक हत्या के मामले में सागर के अर्जुन पंडित नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। न्यायालय में वह दोषी सिद्ध हुआ और उसे आजीवन कारावास की सजा सुना दी।
अर्जुन पंडित ने उच्च न्यायालय में अपील की। वहां से उसे 2016 में जमानत मिल गई। उसके बाद वह ट्रेनों में भीख मांगने लगा। वर्ष 2022 में वह लापता हो गया। लगातार पेशियों से अनुपस्थिति पर न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। पुलिस रिकॉर्ड में वह अब भी फरार है। चूंकि न्यायालय ने उसको गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश दिया तो इस मामले में नया मोड़ आ गया। दरअसल, पिछले साल अर्जुन पंडित के स्वजन ने न्यायालय में परिवाद दायर कर कहा कि जुलाई 2022 में बीना रेलवे क्षेत्र में जीआरपी को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था।
पहचान न हो पाने के कारण रेलवे पुलिस ने उसका शव बीना में नगर पालिका के सहयोग से स्थानीय मुक्तिधाम में दफना दिया। यह शव किसी और का नहीं, बल्कि अर्जुन पंडित का था। इस पर न्यायालय ने शव निकालकर डीएनए जांच से सत्यता की पुष्टि के आदेश दिए हैं। इसके बाद से मोतीनगर थाना पुलिस ने बीना जीआरपी से संपर्क किया। बीना जीआरपी वह कब्र भूल चुकी है, जहां कथित अर्जुन पंडित के शव को दफनाया गया था।
अब पुलिस मुक्तिधाम में पिछले चार-पांच वर्षों में बनी हर कब्र को खोदकर शव की तलाश कर रही है। अब तक पांच कब्रों को खोदकर उनमें शवों के अवशेष से नमूना लिया जा चुका है। इन्हें सागर स्थित एफएसएल भेजकर अर्जुन के रक्तसंबंधियों के नमूने से मिलान कराया गया है। अभी तक पांचों शवों के डीएनए का उससे मिलान ही नहीं हुआ।
बीना जीआरपी ने फोटोग्राफी नहीं कराई थी मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत का कहना है कि सामान्य नियम है कि अज्ञात शवों को दफनाते समय उसकी फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी की जाती है, लेकिन बीना जीआरपी ने ऐसा नहीं कराया था, इसलिए उस शव तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। अब शव दफनाने में मदद करने वाले नगर पालिका कर्मचारियों से भी पूछताछ कर जगह जानने की कोशिश हो रही है।