
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। कर्रापुर स्थित मंगलधाम हनुमान मंदिर में सेंधमारी कर बदमाश मंदिर के ताले तोड़कर दानपेटी की नकदी सहित धार्मिक सामग्री चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मंदिर के पुजारी प्रेम नारायण पांडे ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे वह मंदिर में ताला लगाकर अपने घर चले गए थे।
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि मंदिर के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही वह तुरंत मंदिर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर देखा तो मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। इसके साथ ही दानपेटी और गर्भगृह के ताले भी टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो भगवान का मुकुट, छत्र, गले की चेन, एम्पलीफायर व दानपेटी में रखी नकदी गायब थी।
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुजारी प्रेम नारायण पांडे ने बताया कि करीब तीन महीने पहले पुराने मंदिर में भी चोरी की घटना हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। अब एक बार फिर मंदिर में चोरी होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- मैट्रिमोनियल एप पर दोस्ती, रायपुर में चिकन में नींद की गोली मिलाकर किया बेहोश; कैश-जेवर लेकर फरार
स्थानीय लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।