
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। मंगलवार को चलती ट्रेन में उस समय खुशियों का माहौल बन गया, जब सफर के दौरान एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। कटनी और मैहर के बीच हुई इस घटना ने यात्रियों को भावुक कर दिया। रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से मां और नवजात को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
23 वर्षीय फिरोजी खातून पत्नी मोहम्मद इशाक मंसूरी, निवासी सीतामढ़ी (बिहार), अपने पति के साथ ट्रेन क्रमांक 15232 से नागपुर से अपने गृह नगर लौट रही थीं। दंपति ट्रेन के M-2 कोच में सीट क्रमांक 36 और 33 पर यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान कटनी और मैहर के बीच अचानक फिरोजी खातून को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कुछ ही देर में दर्द बढ़ गया और चलती ट्रेन में ही उनकी डिलीवरी हो गई।
महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। अचानक हुई इस घटना से कोच में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन सहयात्रियों ने मानवता दिखाते हुए महिला की मदद की।
महिला के पति मोहम्मद इशाक मंसूरी ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। ट्रेन के मैहर स्टेशन पहुंचने से पहले ही जरूरी इंतजाम कर लिए गए थे। स्टेशन पर एम्बुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पहले से तैयार थी।
जैसे ही ट्रेन मैहर रेलवे स्टेशन पहुंची, रेलवे टीम ने जच्चा-बच्चा को सुरक्षित ट्रेन से उतारा और उन्हें सिविल अस्पताल मैहर भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। समय पर मदद मिलने से मां और नवजात दोनों सुरक्षित रहे। इस पूरी घटना में रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।