MP Cyber Crime News: भारत से ठगी का पैसा चीन कैसे पहुंचता था? सीहोर पुलिस ने पकड़ा क्रिप्टो करेंसी का पूरा खेल
साइबर ठगी से मिली रकम एटीएम से निकालकर यूएसडीटी में बदली जाती थी। पुलिस के अनुसार यूएसडीटी टेलीग्राम ग्रुप के जरिए चीनी नागरिक तक पहुंचाई जाती थी।
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 12:31:30 PM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 12:31:30 PM (IST)
कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में साइबर फ्रॉड के आरोपित। नईदुनिया।HighLights
- यूएसडीटी में बदलते थे रकम
- टेलीग्राम से विदेशी कनेक्शन
- पांच गिरफ्तार, एक फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों का नेटवर्क साइबर ठगी की रकम को एटीएम से निकालकर क्रिप्टो करेंसी यूएसडीटी (एक डिजिटल मुद्रा) में बदलने और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए एक चीनी नागरिक तक पहुंचाने का काम करता था।
मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इंदौर में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार फरियादिया कंचन तोमर की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान शिकायत को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर मनी ट्रेल का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम को 9 और 10 अप्रैल 2026 को अलग-अलग एटीएम से निकाला गया था।
तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने इंदौर निवासी गोपाल सेन और सुमित कोष्ठी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे एटीएम से निकाली गई पूरी रकम आर्यन आंबेडकर को सौंपते थे और इसके बदले उन्हें पांच प्रतिशत कमीशन मिलता था। इसके बाद पुलिस ने आर्यन और उसके साथी ऋतेश प्रजापत को गिरफ्तार किया।
ठगी की रकम से यूएसडीटी की खरीदी
पूछताछ में आर्यन ने बताया कि वह साइबर ठगी से प्राप्त रकम से यूएसडीटी खरीदता था और टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से मैटी नामक चीनी नागरिक को भेजता था। इसके बदले उसे 10 प्रतिशत कमीशन मिलने की बात सामने आई।
आर्यन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अनुराग पटेल निवासी थाना हीरानगर इंदौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक अनुराग ने भी साइबर ठगी की रकम से यूएसडीटी खरीदकर टेलीग्राम के माध्यम से चीनी नागरिक मैटी को भेजने की बात स्वीकार की। उसने इस नेटवर्क में शिवेंद्र सिंह राजपूत के शामिल होने की जानकारी दी।
गिरफ्त में पांच आरोपी
पुलिस ने मामले में अब तक गोपाल सेन, सुमित कोष्ठी, आर्यन, ऋतेश प्रजापत और अनुराग पटेल सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं फरार आरोपी शिवेंद्र सिंह राजपूत की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस विदेशी कनेक्शन और पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की तकनीकी एवं वैधानिक जांच कर रही है।