
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। केंद्रीय विद्यालय डूंडासिवनी में 12वीं कक्षा के छात्राओं ने 29 जनवरी गुरूवार को कामर्स की प्रायोगिक (वायवा) परीक्षा के बाद एक-दूसरे की यूनीफार्म में पेन से लिखी गई बातों से बखेड़ा खड़ा हो गया। स्कूल यूनीफार्म टी-शर्ट में पर बच्चों ने एक दूसरे के नाम, नेताओं के नाम, 'आई लव' और दिल के चित्र बना दिए थे।
इस बात की जानकारी मिलते ही केंद्रीय विद्यालय प्राचार्य दीपक कुमार साहू ने सभी बच्चों से अपने अभिभावकों को घर से दूसरी टी-शर्ट लेकर स्कूल बुलाने तथा बच्चों द्वारा लिखी गई यूनीफार्म टी-शर्ट को स्कूल में छोड़ने कहा गया।
इसके बाद टी-शर्ट उतार कर विद्यार्थी साथ लेकर आए जैकेट पहनकर घर लौट गए। इसमें छात्रों के अलावा बड़ी संख्या में छात्राएं भी शामिल थी। बताया जा रहा है कि कुल टी-शर्ट में आपत्तिजनक बातें लिखने वाले लगभग 20 छात्र-छात्राओं की यूनीफार्म टी-शर्ट को स्कूल प्रबंधन ने अपने पास जमा कराई हैं। स्कूल प्रबंधन द्वारा उठाए गए इस कदम से विद्यार्थियों के अभिभावकों में नाराजगी है।
30 जनवरी शुक्रवार को अभिभावकों ने केंद्रीय विद्यालय पहुंचकर प्राचार्य दीपक कुमार साहू की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए विरोध किया। हालाकि इस दौरान प्राचार्य दीपक साहू ने इस मामले खेद व्यक्त करते हुए अभिभावकों के सामने अपना पक्ष रखा। इस दौरान नाराज पालकों व स्कूल प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई।
हालाकि बाद में मामला शांत हो गया। बाद में कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम के नेतृत्व में गठित जांच दल ने केंद्रीय स्कूल पहुंचकर प्राचार्य, अभिभावकों व विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए। जानकारी के अनुसार पूरे घटनाक्रम को लेकर अभिभावकों अथवा विद्यार्थियों ने स्कूल प्रबंधन अथवा जिला प्रशासन को किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार साहू ने कहा कि प्रायोगिक परीक्षा के बाद बच्चे ऐसी बातें लिखी जा रही थी, जो नहीं लिखी जानी चाहिए थी। बच्चे यूनीफार्म की रिस्पेक्ट नहीं कर रहे थे। ऐसी यूनीफार्म पहनकर बच्चे स्कूल के बाहर जाते हैं, तो स्कूल की छवि भी धूमिल होती है।
इसी उद्देश्य से बच्चों से अपने अभिभावकों को टी-शर्ट लेकर स्कूल बुलाया गया था। लेकिन कुछ बच्चों ने कहा कि माता-पिता को फोन नहीं लग रहा है उनके पास जैकेट है, जिसे पहनकर वे घर जा सकते हैं। इसी कारण बच्चों की टी-शर्ट स्कूल में रखवाकर उन्हें घर जाने की इजाजत दी गई थी।
केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों की टी-शर्ट उतरवाने का मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर शीतला पटले ने एसडीएम सिवनी पूर्वी तिवारी के नेतृत्व जांच दल गठित कर दिया है। जांच दल ने शुक्रवार को स्कूल पहुंचकर प्राचार्य व अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
शनिवार को शेष रह गए लोगों के बयान लेकर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। कलेक्टर शीतला पटले ने नईदुनिया को बताया कि मामले में जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आवश्यक सुधार व कार्रवाई की जाएगी।