
नईदुनिया न्यूज, सिवनी। जिले के केवलारी नगर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वार्ड क्र. 9 बस स्टैंड के पीछे बिनेकी रोड (छोटे रेलवे ब्रिज के पास) स्थित अभय (अशोक) तिवारी के मकान में आधी रात को हुई इस बड़ी चोरी से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
चोरों ने घर से लगभग 42 तोला सोना व करीब 3 किलो चांदी के आभूषण पार कर दिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल केवलारी पुलिस थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
रात करीब 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच अज्ञात चोर घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर के एक ही कमरे में सो रहे थे। चोरों ने बड़ी चालाकी से उस कमरे का दरवाजा बाहर से लाक कर दिया, जिससे किसी को भनक न लग सके और कोई बाहर न निकल सके।
स्वजनों के मुताबिक, चोरों ने आराम से घर में रखी गोदरेज आलमारी को खंगाला और उसमें रखे जेवरातों तथा उनके बिलों से भरा एक थैला निकाल लिया। चोर जेवरातों से भरा थैला लेकर घर के पीछे स्थित बाड़ी में पहुंचे, जहां उन्होंने जेवरातों को डिब्बों से बाहर निकाल ले गए।
तड़के नींद खुलने पर जब परिवार कने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया और बाहर आकर घर का सामान बिखरा देखा, तब इस बड़ी चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही केवलारी एसडीओपी आशीष भराड़े, थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम, एसआई विक्की धुर्वे सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने डाग स्क्वाड टीम, तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। थाने के इतने नजदीक हुई इस दुस्साहसिक घटना को लेकर नगरवासियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि पूर्व में भी नगर में कई चोरियां हो चुकी हैं। इस घटना ने केवलारी नगर में दहशत का माहौल बना दिया है और अब पुलिस के सामने इस मास्टर माइंड गिरोह तक पहुंचने की बड़ी चुनौती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नर्मदा के प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने गए पांच दोस्त भंवर में डूबे, मौत भी नहीं कर सकी दूर