
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर भोंगाखेड़ा के पास गुरुवार शाम करीब 6 बजे सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बंडोल के साप्ताहिक बाजार से लौट रहे योगेंद्र बघेल की आंखों में लालमिर्च पाउडर डालकर अज्ञात बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरों से भरी लोहे की पेटी और एक थैला लूट लिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लखनवाड़ा निवासी योगेंद्र बघेल और सिवनी के संतोष अवस्थी साझेदारी में सराफा कारोबार करते हैं। गुरुवार को योगेंद्र अकेले बाइक से बंडोल बाजार में सराफा दुकान लगाने गए थे। शाम को वह जेवरों से भरी पेटी और थैला बाइक पर बांधकर लौट रहे थे।
इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार सात बदमाशों ने उनका पीछा किया। एक बाइक सवार ने योगेंद्र की आंखों में मिर्ची झोंक दी, जिससे वह हाईवे पर गिर गए। इसके बाद दो अन्य बाइकों पर सवार बदमाश भी वहां पहुंच गए और जेवरों से भरी पेटी व थैला निकालने लगे।
व्यापारी ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू दिखाया और उन्हें सिवनी की ओर काफी दूर तक दौड़ाया। योगेंद्र ने हाईवे से गुजर रहे वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसी वाहन ने रुककर मदद नहीं की।
इसके बाद वह हाईवे की दूसरी लेन, जबलपुर वाले रूट की ओर कूदकर झाड़ियों में छिप गए। इसी दौरान बदमाश लोहे की पेटी और थैला लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बंडोल पुलिस मौके पर पहुंची। बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। व्यापारी के पास कितने लाख रुपये के जेवर और कितनी नकदी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी कृष्ण लालचंदानी, एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुवार रात घटनास्थल और बंडोल बाजार का निरीक्षण किया। पुलिस हाईवे किनारे के ढाबों और दुकानों के CCTV फुटेज खंगाल रही है। वारदात के तरीके से पुलिस को लुटेरों द्वारा पहले रेकी किए जाने की आशंका है।