सिवनी में चूजों को बचाने जहरीले सांप से भिड़ी मुर्गी, लड़ते-लड़ते दे दी अपनी जान, देखें वीडियो
सिवनी में दो मार्मिक घटनाओं में मुर्गी ने चूजों और पालतू तोते ने परिवार को बचाने के लिए जान दे दी। दोनों मामलों ने पशु-पक्षियों की ममता और वफादारी की ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 07 Aug 2026 06:49:48 PM (IST)Updated Date: Fri, 07 Aug 2026 06:57:26 PM (IST)
सिवनी में चूजों को बचाने जहरीले सांप से मुर्गी भिड़ी। (नईदुनिया)HighLights
- मुर्गी ने चूजों को बचाते सांप से लड़कर जान गंवाई।
- कोबरा से परिवार बचाने में पालतू तोते की मौत हुई।
- दोनों घटनाओं ने बेजुबान पक्षियों की वफादारी दिखाई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले में बेजुबान पक्षियों की ममता व वफादारी की दो हृदयस्पर्शी घटनाएं सामने आई हैं, जहां इन्होंने अपनों की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। पहली घटना लखनादौन के चुरका गांव की है, जहां एक मुर्गी अपने चूजों को बचाने एक जहरीले सांप से भिड़ गई और लड़ते-लड़ते उसने अपनी जान गंवा दी।
जबकि दूसरी घटना छपारा के देवरीकलां की है, जहां आधी रात को घर में घुसे जहरीले कोबरा को देखकर पिंजरे में कैद पालतू तोते ने शोर मचाकर सोते हुए परिवार को जगा दिया। इससे परिवार की जान तो बच गई, लेकिन कोबरा के जहर से तोते की मौत हो गई। कहानी के चुरका गांव निवासी राम अहिरवार के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में अपने चूजों को बचाने जहरीले सांप से भिड़ी मुर्गी की लड़ते-लड़ते मौत होने का वीडियो सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया में तेजी से प्रसारित हो रहा है।
चूजों को बचाने सांप से भिड़ी मुर्गी
- जानकारी के अनुसार कबाड़ कारोबार से जुड़े अहिरवार परिवार के घर में पालतु मुर्गी के चूजे गायब हो रहे थे। मंगलवार को मुर्गी मृत मिलने के बाद परिवार के लोगों ने कमरे में लगा सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला तो हैरान रह गए। एक जहरीला सांप रात में राम अहिरवार के घर के उस कमरे में घुस आया, जहां मुर्गा, और उनके चूजे थे। सांप ने जैसे ही चूजों को अपना शिकार बनाना शुरू किया, मुर्गी ने अपनी जान की परवाह किए बिना उस पर सीधा हमला बोल दिया।
- सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि मुर्गी अपने बच्चों की रक्षा के लिए लगातार चोंच और पंखों से सांप पर वार करती रही। काफी देर तक चले इस संघर्ष के दौरान सांप ने पांच चूजों को निगल लिया। सांप के साथ इस जानलेवा लड़ाई में घायल मुर्गी ने भी अंततः दम तोड़ दिया।
अगली सुबह जब राम अहिरवार कमरे में पहुंचे तो मुर्गी मृत अवस्था में पड़ी थी और पांच चूजे वहां से गायब थे। कमरे में सांप को रेंगते हुए देखकर उन्होंने तुरंत सर्प मित्र को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे सर्प मित्र ने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया। घर में घुसे कोबरा के जहर से पिंजरे में कैद तोते की मौत
- दूसरी तरफ छपारा नगर परिषद अंतर्गत देवरीकलां गांव में एक हैरान कर देने वाला घटनाक्रम सामने आया है। यहां रात में घर में घुसे विषैले कोबरा ने पिंजरे में कैद पालतू तोते को डंस लिया। इस दौरान शोर सुनकर गहरी नींद में सो रहा परिवार जहरीले कोबरा के खतरे से बच गया। हालाकि घटना में पालतु तोते की मौत हो गई। यह घटना 4 अगस्त की रात 12 बजे की बताई जा रही है, जब जहरीला कोबरा गांव के देवी मंदिर के सामने निवासरत सुभाष पंचेश्वर के घर में घुस आया था।
- परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। घर में पले हुए ''मिठ्ठू'' (तोते) के पिंजरे में जहरीला कोबरा के पहुंचते ही तोता ने तेज आवाज करने लगा। रात के सन्नाटे में तोते का शोर सुनकर परिवार के सदस्यों की नींद टूट गई। उठकर देखा तो वे स्तब्ध रह गए। पिंजरे के भीतर जहरीला सांप मौजूद था, जिसने तोते को डंस लिया था, जिससे पक्षी की मौत हो गई।
- सूचना पर सर्प मित्र शिवम मुड़िया ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित रूप से ले जाकर जंगल में छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। परिवार के लोगों का कहना है कि यदि तोते ने शोर सुनकर वे लोग नहीं जगते तो परिवार का कोई भी सदस्य जहरीले सांप का शिकार हो सकता था और एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।