
नईदुनिया प्रतिनिधि, बंडोल/सिवनी। जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर बंडोल थाना अंतर्गत दुकली गांव में निजी खेत में निर्माणाधीन एक कुआं 1 जून सोमवार दोपहर अचानक कुआं धंसने से एक ही परिवार की तीन महिलाएं मलबे में दब गईं। जानकारी के अनुसार खुद के कुएं में समनिया बाई जंघेला (75) के अलावा उसकी बेटी अनुसूईया जंघेला (42) तथा अनुसूईया की बेटी स्वाति (17) कुएं में की गई कंक्रीटीकरण कार्य में सिंचाई (तराई) कर रहे थे।

इसी दौरान दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के आसपास कुआं का एक हिस्सा धंसने से अनुसूईया जंघेला और बेटी स्वाति जंघेला मलबे में दब गए। जबकि बुजुर्ग समनिया जंघेला का आधा हिस्सा मलबे में दब गया, जिसे किसी तरह ग्रामीणों ने कुएं से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया, जहां गंभीर घायल महिला का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अनिल कुमार राठौर, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, सिवनी एसडीओपी सचिन परते सहित बंडोल थाना का पुलिस बल तथा रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गया।
बताया गया कि लगभग 40 फीट गहरा कुआं निर्माणाधीन था, जिसमें कंक्रीट की बंधाई की गई थी। एक ही परिवार की तीनों महिलाएं कुएं के चारों ओर तराई कर रही थीं। इसी दौरान कुआं धंस गया और तीनों महिलाएं मलबे के साथ कुएं में समा गईं। समनिया बाई को रस्सी की मदद से ग्रामीणों ने कुएं से बाहर निकाला।

वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंची जेसीबी मशीन से कुएं का मलबा निकालने रैम्प तैयार किया जा रहा है। लगभग 40 फीट गहराई के मलबे को निकालने मौके पर पोकलेन व अन्य मशीनों को बुलाने की बात भी कही जा रही है। कुएं में कुछ मात्रा में पानी भी होने की बात कही जा रही है।
दुकली गांव में निर्माणाधीन कुएं में तीन लोगों के दबने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सिवनी युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आदित्य मोंटू भूरा, जिला पंचायत सदस्य तथा युवा कांग्रेस के विस अध्यक्ष नितिन डेहरिया ने रेस्क्यू दल व जेसीबी मशीनों के घटना स्थल देरी से पहुंचने की बात कही है।

आदित्य मोंटू भूरा ने नईदुनिया को बताया कि कुआं धंसने की सूचना देने के बावजूद पुलिस प्रशासन के अधिकारी देरी से मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के मौके में पहुंचने में हो रही देरी पर कांग्रेस प्रदेश महामंत्री राजा बघेल के माध्यम से मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को घटना से अवगत कराया, जिन्होंने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर जाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- बरगी हादसा: क्रूज को तोड़ा क्यों गया, क्या एक्सपर्ट एडवाइज से परमीशन दी गई, जनहित याचिका में सवाल
एक बुजुर्ग महिला को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जिसका उपचार चल रहा है। कुएं में दो महिलाओं के दबे होने की जानकारी मिली है। रेस्क्यू दल मलबा हटाकर महिलाओं को बाहर निकालने में लगा है। - कृष्ण लालचंदानी, एसपी सिवनी