
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर विराम लगाने कोतवाली पुलिस ने छह अलग-अलग चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए सात आरोपितों में से अधिकांश पर पहले से कई गंभीर अपराध के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि चोरी की दो बड़ी घटनाओं में शत-प्रतिशत सामग्री बरामद करते हुए सभी चोरियों में मामलों में लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, इलेक्ट्रानिक उपकरण व दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में सभी घटनाओं से पर्दा उठाते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का सुराग मिलने की संभावना है।
आरोपितों की गिरफ्तारी में कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, एसआइ डीसी ग्यारसिया, एएसआइ जगमोहन अधिकार, जसवंत सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, मनोज पाल, मुकेश गोंडाने, प्रदीप चौधरी, सुधीर डेहरिया, संतोष साहू, आरक्षक दिलीप उइके, चेतन शर्मा, चालक मोनू डहेरिया शामिल रहे।
कोतवाली थाना अंतर्गत पहली घटना 6 अगस्त 2025 को सचेन्द्र पुत्र वीरेन्द्र कुमार मिश्रा निवासी पीजी कालेज के पीछे भैरोगंज के सूने घर में हुई थी, जहां चोरों ने लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व 5 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ किए थे।
इस मामले में पुलिस ने आरापित संदेश पुत्र आशाराम सोनकेशरिया (32) परतापुर रोड और शुभम पुत्र दिलीप जैन (32) महाराजबाग भैरोगंज को गिरफ्तार किया है। शुभम जैन पर पहले से नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का एक प्रकरण दर्ज है।
पूछताछ में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि संदेश को अपनी कार का लोन चुकाने रुपयों की जरूरत थी। शुभम जैन ने उसे चोरी के लिए उकसाया और सूने मकान की रेकी कराई। चोरी के बाद आरोपितों ने जेवरात को आइआइएफएल बैंक में गिरवी रखकर गोल्ड लोन भी उठा लिया था।
पुलिस ने बैंक में होल्ड लगवाकर आरोपित शुभम जैन से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर जब्त किए हैं। साथ ही इस मामले में बिना बैकग्राउंड चेक किए सोना गिरवी रखने पर बैंक को नोटिस जारी किया है।
बैंक का जवाब मिलने के बाद इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपितों को पुलिस ने रिमांड में लिया है, ताकि चोरी की शेष सामग्री और चोरी के रुपयों से खरीदी गई कार को जब्त किया जा सके।
साथ ही पुलिस ने शहर में तीन अलग-अलग चोरी की घटना करने वाले निगरानी बदमाश अज्जू उर्फ़ अजय पुत्र शिवदयाल सदाफल कोष्ठा (46) गंज मोहल्ला निवासी को गिरफ्तार किया है। अज्जू कोष्ठा पर पहले से चोरी तथा विभिन्न धाराओं में 26 अपराध दर्ज है। चोरी की सामग्री खरीदने में शामिल आरोपित के साले राजकुमार पुत्र नवल सिंह विश्वकर्मा (32) मोहगांव निवासी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपित ने गुरुनानक वार्ड निवासी शेख कलीम के घर से 25 नकदी व सोने-चांदी के जेवर, सूफी नगर निवासी एहसान खान के घर से 30 हजार रुपये नकदी व सोने-चांदी के जेवर तथा नया मोहल्ला (गांधी वार्ड) निवासी तेनसिंह राठौर में सूने घर को निशाना बनाकर यहां से 12 हजार रुपये नकदी व जेवर चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों मामलों में कुल 2 लाख 80 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए हैं।
चोरी की घटनाओं का सुराग खोजते हुए पुलिस ने जबलपुर के गैंग को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। 28 जून को छिंदवाड़ा रोड हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी लितिक टांक के घर से 70 हजार रुपये नकद और लगभग 11 लाख 15 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने जबलपुर निवासी महेंद्र उर्फ़ पिल्लई पुत्र रामप्रसाद पटेल (34) आधारताल जबलपुर और सूरज पुत्र जवाहरलाल डुमार(28) प्रेमसागर हनुमान ताल जबलपुर निवासी को गिरफ्तार कर हाउसिंग बोर्ड में हुई चोरी का शत-प्रतिशत जेवर बरामद किए हैं। जबकि एक अन्य फरार आरोपित शुभम की तलाश जारी है।
महेंद्र और सूरज डुमार पर जबलपुर में पहले चोरी, लूट, बलात्कार के चार प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा 21 जुलाई को पूर्व पार्षद नरेन्द्र ठाकुर के घर से 70 हजार रुपये नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित अनित पुत्र सुरेश हेडाऊ (25) पृथ्वीराज चौहान वार्ड भैरोगंज निवासी को गिरफ्तार किया है।
आरोपित के पास से दो चार्जर, एक पावर बैंक, 600 रुपये नकद और मोबाइल और एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद किए गए हैं। आरोपित अनित पर पहले से बलात्कार और अपहरण का अपराधिक प्रकरण दर्ज है। पुलिस अधीक्षक लालचंदानी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपितों को रिमांड में लेकर सघन पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों का राजफाश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- टेंट हाउस सौदे के दो लाख के चेक बाउंस मामले में दंपती दोषी, मुआवजा देने का आदेश