
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले में चोरी की वारदातों पर लगाम कसने पुलिस विभाग की कार्रवाई जारी है। डूंडासिवनी पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख 20 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
ड्रीम लैण्ड सिटी निवासी सविता नामदेव अपने परिवार के साथ इलाज के लिए अस्पताल गई थीं। रात में अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। पीड़िता की रिपोर्ट पर डूंडासिवनी में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सख्ती से पूछताछ में तीनों ने सूने घर में चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एक सोने की चैन, एक सोने की अंगूठी, दो चांदी के सिक्के और घटना में उपयोग मोटरसाइकिल वाहन जब्त किया है। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी चैनसिंह उइके ने बताया कि मुखबिर तंत्र और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाला गया। फुटेज व मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी पर कोतवाली पुलिस ने 3 संदेहियों तौफिक पुत्र नफीस खान (19) हड्डी गोदाम, सद्दाम पुत्र सब्बीर हुसैन (20) संजय वार्ड तथा अमन पुत्र राजेश उइके (21) एफसीआई रोड निवासी को हिरासत में लिया।
कार्रवाई में निरीक्षक चैनसिंह उइके के नेतृत्व में एसआइ सदानंद गोदेवार, एएसआइ निसार खान, प्रधान आरक्षक नितेश राजपूत, संजय यादव, रवि धुर्वे और आरक्षक धनराज बरकडे, मोहसिन आजमी, अंशुमन राजपूत, अखिलेश माहोरे, केशरीनंदन ऐडे, हिमेन्द्र सहारे, रघुराज यादव व आशीष ठाकरे शामिल रहे।