
नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल। जिले में बदलते मौसम के बीच आकाशीय बिजली जानलेवा साबित हो रही है। पपौंध थाना क्षेत्र के ओदारी गांव में महुआ की डोरी बीन रही बुआ-भतीजी की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
ओदारी निवासी इत्तोबाई पति धरमदास सिंह गोंड (50) अपनी भतीजी सफीना सिंह पिता सुखसेन सिंह गोंड (8 ) के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर पेड़ के नीचे महुआ की डोरी बीन रही थीं।
इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से बुआ-भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई। साथ मौजूद एक अन्य महिला भी झुलस गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत आकाशीय बिजली से होना सामने आया है। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
गौरतलब है कि जिले में दो दिनों के अंदर आकाशीय बिजली से मौत की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले गोहपारू थाना क्षेत्र में भी एक युवक की बिजली गिरने से मौत हो चुकी है।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम, तेज गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- जिला शिक्षा अधिकारी को क्रमोन्नति प्रकरण में हाई कोर्ट से राहत, विभागीय जांच पर अंतरिम रोक