शहडोल जिले में सचिव की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने पंचायत में जड़ा ताला, सरपंच व पंच भी कर रहे विरोध
Shahdol News: जिले की जयसिंहनगर की ग्राम पंचायत मुदरिया टोला में सचिव की कार्यप्रणाली से नाराज सरपंच उप सरपंच और पंचों ने गांव वालों के साथ मिलकर ग्रा ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 04 Feb 2026 01:09:06 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Feb 2026 01:09:05 PM (IST)
सचिव की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने पंचायत में जड़ा तालाHighLights
- मनमानी पूर्ण कार्यप्रणाली अपनाए हुए है
- दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करने का आरोप
- पंचों की कोई बात नहीं सुनी जा रही
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले की जयसिंहनगर की ग्राम पंचायत मुदरिया टोला में सचिव की कार्यप्रणाली से नाराज सरपंच उप सरपंच और पंचों ने गांव वालों के साथ मिलकर ग्राम पंचायत में ताला जड़ दिया है और वहां के रिकॉर्ड रूम को बंद कर दिया है। सरपंच सहित सभी ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव मनमानी पूर्ण कार्यप्रणाली अपनाए हुए है और दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर भ्रष्टाचार कर रहा है।
गांव वालों ने आरोप लगाया
गांव वालों ने आरोप लगाया है कि कई बार सचिव के खिलाफ सीईओ सहित अन्य अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन सचिव की आदत में कोई सुधार नहीं आ रहा है। इसी वजह से गांव का विकास बाधित है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सीईओ के संरक्षण में सचिव मनमानी पूर्ण कार्यप्रणाली से काम कर रहा है। अब जब तक गांव वालों की समस्याओं का निराकरण नहीं होगा, तब सचिव को पंचायत में घुसने नहीं दिया जाएगा। इसी उद्देश्य को लेकर पंचायत भवन के दरवाजे पर ताला लगा दिया गया है।
पंचों की कोई बात नहीं सुनी जा रही
ग्रामीणों ने बताया कि सचिव द्वारा पंचायत के कार्यों में लगातार लापरवाही की जा रही है। सरपंच और पंचों की कोई बात नहीं सुनी जा रही है, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव के रामसनेही सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत में विकास कार्य हो, इसके लिए सचिव द्वारा कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
सरपंच और पंच प्रस्ताव तैयार करते हैं, लेकिन सचिव द्वारा प्रत्येक काम में अड़ंगा लगाया जा रहा है। यदि कोई उसके कार्य का विरोध करता है, तो वो चुनौती देता है कि जिसको जहां शिकायत करना है कर ले, उसका कोई कुछ नहीं कर सकता है, क्योंकि उसने अपने अधिकारियों को सब बता रखा है।
गांव वाले चाहते हैं कि सचिव को यहां से हटाकर कोई ऐसा सचिव पदस्थ किया जाए जो गांव के विकास की चिंता करे और यहां जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करें।
सचिवों की मनमानी के मामले अक्सर सामने आते हैं
उल्लेखनीय है कि जिले में सचिवों की मनमानी के कारनामें अक्सर सामने आते रहते हैं और शिकायतें भी होती हैं, लेकिन अधिकारी कार्रवाई कम ही करते हैं। गांव से जिला मुख्यालय तक अपनी पहुंच और अधिकारियों से तालमेल बनाकर सचिव काम करते है, जिससे उनकी कमियां उजागर होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती है।
ग्राम पंचायत मुदरिया टोला में सचिव को लेकर कुछ विवाद सामने आया था, जिसे समाप्त कराया गया था। पंचायत में ताला बंद करने की जानकारी मेरे पास अभी नहीं है। यदि ऐसा हुआ तो मैं दिखवाती हूं। यदि सचिव लापरवाही कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। गांव के सरपंच व पंचों को साथ में लेकर ही गांव का विकास करना चाहिए।
-शिवानी जैन, सीईओ- जयसिंहनगर।