
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में इंटरनेट मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर एक कॉलेज छात्रा को गुमराह करने और अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को मुरैना जिले से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्वालियर जिले के मोहसान निवासी 28 वर्षीय करण धनक पेशे से पुट्टी और पुताई का काम करता है। उसने इंस्टाग्राम पर "करण राजपूत" नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। आरोपी काम के दौरान जिन आलीशान मकानों में जाता था, वहां तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। इससे वह खुद को संपन्न और रसूखदार परिवार का सदस्य दिखाता था। इसी दिखावे से प्रभावित होकर जैतपुर की 18 वर्षीय प्रथम वर्ष की छात्रा उसके संपर्क में आ गई।
थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से ट्रेन से ग्वालियर से शहडोल पहुंचा। इसके बाद बस से बुढार और फिर ऑटो के माध्यम से जैतपुर आया। यहां वह युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। युवती के अचानक गायब होने पर परिजनों ने 6 जून को जैतपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन मुरैना जिले में मिली। पुलिस टीम ने आरोपी के मामा के घर दबिश दी, जहां से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- MP के 84 गांवों का हाल बेहाल, 12 हजार लोगों को नहीं मिल रही स्वास्थ्य सुविधा, एक डॉक्टर के भरोसे जनता!
थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से इंटरनेट मीडिया पर अनजान लोगों की चमक-दमक और फर्जी प्रोफाइल से सतर्क रहने की अपील की है।