
नईदुनिया न्यूज, शहडोल। नीट 2026 के परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने विशेष मेमू ट्रेनें चलाने और कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। रेलवे का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
रेलवे ने क्या कहा इसको लेकर
रेलवे के अनुसार, 20 और 21 जून को कोरबा और दुर्ग के बीच चार मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। गाड़ी संख्या 06801 कोरबा-दुर्ग मेमू स्पेशल 20 जून को सुबह 10 बजे कोरबा से रवाना होकर शाम 4.15 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 06802 दुर्ग-कोरबा मेमू स्पेशल उसी दिन शाम 7.05 बजे दुर्ग से रवाना होगी।
21 जून को गाड़ी संख्या 06803 कोरबा-दुर्ग मेमू स्पेशल सुबह 4 बजे कोरबा से चलेगी, जबकि 06804 दुर्ग-कोरबा मेमू स्पेशल शाम 7.05 बजे दुर्ग से रवाना होगी। ये ट्रेनें चांपा, जांजगीर नैला, अकलतरा, बिलासपुर, रायपुर और भिलाई पावर हाउस स्टेशनों पर ठहरेंगी।
दुर्ग तक अस्थायी विस्तार भी किया
रेलवे ने 21 जून को हसदेव एक्सप्रेस का दुर्ग तक अस्थायी विस्तार भी किया है। गाड़ी संख्या 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस रायपुर से सुबह 10.45 बजे रवाना होकर 11.45 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दुर्ग से शाम 4.30 बजे चलेगी।
इसके अलावा, छिंदवाड़ा-इतवारी मार्ग पर 21 जून को गाड़ी संख्या 08823 मेमू स्पेशल शाम 6 बजे रवाना होकर रात 10.50 बजे इतवारी पहुंचेगी।
जनरल कोच लगाने का भी निर्णय
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने 10 ट्रेनों में कुल 40 अतिरिक्त जनरल कोच लगाने का भी निर्णय लिया है। 20 से 24 जून तक हसदेव एक्सप्रेस में सात-सात अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। वहीं बिलासपुर-रीवा, टाटानगर-इतवारी और टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस में 19 से 23 जून तक दो-दो अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने और उपलब्ध कराई गई विशेष सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- जेपी अस्पताल में ओपीडी मरीजों को फिर मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ, MRI और सीटी स्कैन की सुविधा होगी शुरू