शहडोल में तोता गोपी के लापता होने से परिवार बेहाल, 10 हजार का इनाम घोषित, वापसी तक रखेंगे व्रत
शहडोल में एक्स आर्मी मैन चंदन मिश्रा का पालतू तोता गोपी उड़कर लापता हो गया। परिवार ने उसकी तलाश के लिए इंटरनेट मीडिया पर पोस्टर जारी कर 10 हजार रुपये ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 09 Aug 2026 11:28:28 AM (IST)Updated Date: Sun, 09 Aug 2026 11:38:14 AM (IST)
शहडोल में लाड़ले तोते 'गोपी' के लिए 10 हजार का इनाम। (नईदुनिया)HighLights
- पालतू तोता गोपी शनिवार दोपहर अचानक उड़कर लापता हुआ।
- परिवार ने इंटरनेट मीडिया पर तलाश के पोस्टर जारी किए।
- गोपी को अमरकंटक से करीब एक साल पहले लाए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में एक परिवार के पालतू तोते के लापता होने से घर में मातम छा गया है। एक्स आर्मी मैन चंदन मिश्रा का तोता शनिवार दोपहर अचानक उड़कर गायब हो गया। तोते को ढूंढने के लिए परिवार ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्टर जारी कर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार सोहागपुर थाना क्षेत्र के बाणगंगा मेला मैदान के पास रहने वाले चंदन मिश्रा का पालतू तोता 'गोपी' बच्चों के साथ खेलते समय उड़ गया और वापस नहीं लौटा। परिवार ने बताया कि वह करीब एक साल पहले तोते को अनूपपुर जिले के अमरकंटक से लाए थे। उस समय वह काफी छोटा था। परिवार ने उसे बचपन से पाला और वह घर के सदस्यों के साथ पूरी तरह घुल-मिल गया था।
सोमवार को हवन कराने की तैयारी
- परिवार के मुताबिक तोते का नाम 'गोपी' है और उसे प्यार से 'मिट्ठू' भी कहा जाता है। वह हरे रंग का है और उसकी गर्दन पर काली रिंग है। उसकी पीठ के पंख की पहचान अलग है। वह घर के सदस्यों की आवाज और कुछ शब्द भी बोलता है। तोते के गायब होने के बाद से परिवार के सभी सदस्य परेशान हैं।
- चंदन मिश्रा ने बताया कि गोपी के वापस मिलने तक घर में व्रत रखा गया है। एक पुजारी से भी संपर्क किया गया है और यदि तोता नहीं मिला तो सोमवार को हवन कराने की तैयारी है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि किसी को 'गोपी' दिखाई दे तो उसे सुरक्षित रखकर सूचना दें। सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।