
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के लेदरा गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी होने की घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है। सुबह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर से शिवलिंग गायब देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही मंदिर के पास स्थित तालाब में गोताखोरों की मदद से शिवलिंग की तलाश भी कराई जा रही है। तलाश में खुद थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौजूद हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर के गर्भगृह से भगवान शिव का शिवलिंग गायब है। यह देख लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में पूरे गांव में शिवलिंग चोरी होने की खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। इसके बाद तत्काल गोहपारू पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंदिर के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ ही पुलिस ने समीप स्थित तालाब में भी शिवलिंग होने की संभावना को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों को उतारकर तलाश शुरू कराई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक शिवलिंग का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
गोहपारू पुलिस के अनुसार, लेदरा निवासी कृष्णकांत शुक्ला की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण उनके पूर्वजों ने कराया था। मंदिर में भगवान हनुमान और भगवान शिव की नियमित पूजा-अर्चना होती है, लेकिन अज्ञात बदमाश मंदिर से शिवलिंग चोरी कर ले गए।
थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर के पास तालाब होने के कारण गोताखोरों की मदद से उसमें भी शिवलिंग की तलाश कराई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश को मिलेगी नई रफ्तार... बनेगा 8 लेन एक्सप्रेसवे, इन 11 जिलों की बदलेगी तस्वीर