
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र के कुदरा टोला में बुधवार को पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक महिला की जान बच गई। घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को पुलिस ने समय रहते फंदे से उतार लिया।
कुदरा टोला निवासी रज्जू और उसकी पत्नी चरकी के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर पत्नी चरकी ने कमरा अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
पति रज्जू और पड़ोसियों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने तुरंत धनपुरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर आरक्षक प्रिंस अग्रवाल और कोमल लोधी तत्काल मौके पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद होने पर दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए दरवाजा तोड़ा।
अंदर का नजारा देख पुलिस भी सन्न रह गई। महिला फंदे पर लटक रही थी। आरक्षक प्रिंस अग्रवाल ने तत्काल महिला को गोद में उठाया, वहीं कोमल लोधी ने फंदा काटा। दोनों ने मिलकर महिला को नीचे उतारा और प्राथमिक उपचार दिया।
समय पर इलाज मिलने से महिला की जान बच गई। पुलिस का कहना है कि अगर कुछ मिनट की भी देरी होती तो महिला की मौत निश्चित थी।
फांसी के फंदे से महिला को बचाने का यह पूरा घटनाक्रम मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मियों की तत्परता साफ दिख रही है।
घटना के बाद धनपुरी पुलिस ने पति रज्जू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्षेत्र में आरक्षक प्रिंस अग्रवाल और कोमल लोधी के इस सराहनीय कार्य की चर्चा है। लोगों का कहना है कि धनपुरी पुलिस की तत्परता से एक घर उजड़ने से बच गया। एसपी ने भी दोनों पुलिसकर्मियों के काम की सराहना की है।