
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। जिले के शुजालपुर में अवैध रूप से क्लिनिक संचालन और एविल इंजेक्शन बेंचने के मामले के आरोपित डा. ताहिर हुसैन पिता रियाज खां उम्र 24 वर्ष निवासी निनुरपुरा शुजालपुर सिटी के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई है। आरोपित डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
डॉक्टर ताहिर बिना वैध डिग्री तथा बिना सीएमएचओ की अनुमति के क्लिनिक खोल कर इलाज करता था। इसके अलावा अवैध रूप से एविल इंजेक्शन बेंच रहा था। जिनका उपयोग नशे के लिये किया जा रहा था। युवा स्मेक के नशे में इन इंजेक्शन का उपयोग करते थे।
जांच में सामने आया था कि डॉक्टर व उसके साथी द्वारा इस तरह इंजेक्शन के माध्यम स्मेक पावडर मिलाकर युवा पीढ़ी को बरबाद करने एवं एचआईवी जैसी बीमारी को संक्रमित रूप से समाज में फैलाने का काम कर रहा था। इस पर आरोपी के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक शाजापुर के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी जिला शाजापुर द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्यवाही की गई।
यह भी पढ़ें- इंदौर में जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर रील बनाने वाली युवती गिरफ्तार, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
आरोपित की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा आरोपित ताहिर हुसैन की गिरफ्तारी के लिये शुजालपुर, इंदौर, भोपाल एवं अन्य सम्भावित स्थानों पर दबिश दी गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपित ताहिर हुसैन को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।