
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। सीमांकन विवाद से नाराज एक किसान ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर हंगामा किया। उसने कलेक्टर ऋजु बाफना को आतंकवादी और एसपी यशपालसिंह राजपूत को गुंडा तक कह दिया।
किसान का हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लाठी दिखाकर धक्का देते हुए उसे कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर कर दिया।
शरद कुमार शर्मा निवासी पोलायकलां ने बताया कि उनकी भूमि सर्वे नंबर 4446/3 के सीमांकन में राजस्व अमले ने हेराफेरी की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 2019 से अब तक कलेक्टर कार्यालय, संबंधित अधिकारियों और सीएम हेल्पलाइन पर लगभग 50 से 60 आवेदन दिए हैं।
लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनकी जमीन को जानबूझकर दूसरे किसान की भूमि बताया जा रहा है और सांठगांठ के चलते गलत सीमांकन किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच कराने और एक नई टीम गठित कर फिर से सीमांकन कराने की मांग की है।
किसान शरद द्वारा कलेक्ट्रेट में कलेक्टर एसपी के लिए अपशब्दों का प्रयोग करने से ड्यूटी पर तैनात लालघाटी थाने के एएसआई महेश कुमार घुरे भी आक्रोशित हो गए। उन्होंने शरद को हड़काते हुए अपशब्द कह दिए।
जिसका वीडियो सोशल मीडिय पर वायरल हो गया। मामले में संज्ञान लेते हुए एसपी यशपालसिंह राजपूत ने एएसआइ घुरे के व्यवहार को अनुचित माना और मप्र सिविल सेवा नियम 1966 नियम के नौ के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया है।
जनसुनवाई में पोलायकलां निवासी एक व्यक्ति हंगामा कर रहा था। अधिकारियों के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग कर रहा था। इसलिए पुलिसकर्मियों ने उसे समझाइश देकर कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकाला। - अजुर्नसिंह मुजाल्दे, टीआइ लालघाटी